
Who is Putin’s real best friend: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हाल ही में भारत दौरे पर आए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के साथ उनकी केमिस्ट्री देखकर चीन और पाकिस्तान की आंखें खुली रह गईं। भारत और रूस के रिश्ते काफी पुराने हैं। इस बीच चीन भी खुद को रूस के करीब दिखाने की कोशिश करता रहा है। कुछ वक्त पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (XI Jinping) ने पुतिन को अपना बेस्ट फ्रेंड करार दिया था। हालांकि, क्या व्लादिमीर पुतिन के लिए भी जिनपिंग बेस्ट फ्रेंड हैं?
व्लादिमीर पुतिन के बारे में रूस से ज्यादा जानकारी सामने नहीं आती, जो आती भी है उसमें कई फ़िल्टर लगे होते हैं। ऐसे कुछ ही नाम हैं, जिन्हें पुतिन का बेस्ट फ्रेंड कहा जा सकता है। सर्गेई रोल्डुगिन, सर्गेई चेमेज़ोव और रोटेनबर्ग बंधुओं को रूसी राष्ट्रपति के काफी करीब माना जाता है। सर्गेई रोल्डुगिन का नाम 2016 में पनामा पेपर लीक में सामने आया था। इसके बाद उनके पुतिन से रिश्ते भी उजागर हुए। रोल्डुगिन से पुतिन की मुलाकात तब हुई, जब वह KGB में ऑफिसर बनने की ट्रेनिंग ले रहे थे। KGB रूस की गुप्तचर एजेंसी है। रोल्डुगिन का भाई पुतिन का क्लासमेट था और उसी के जरिए दोनों की मुलाकात हुई।
सर्गेई रोल्डुगिन (Sergei Roldugin) रूस के प्रसिद्ध म्यूजिशियन हैं और उन्हें पुतिन की बड़ी बेटी का गॉडफादर भी कहा जाता है। वर्ष 2000 में प्रकाशित व्लादिमीर पुतिन की आत्मकथा में उन्होंने पुतिन को अपने भाई जैसा बताया था। पुतिन के KGB के कई साथी उनके साथ सरकार का हिस्सा बने, लेकिन रोल्डुगिन ने ऐसा नहीं किया। पनामा पेपर लीक से पहले तक रोल्डुगिन महज एक म्यूजिशियन थे, लेकिन इस खुलासे ने उनकी एक नई तस्वीर दुनिया के सामने रखी। यह सामने आया कि उन्होंने तीन ऑफशोर कंपनियों के ज़रिए 100 मिलियन डॉलर की दौलत बनाई। यह भी कहा गया कि सर्गेई रोल्डुगिन ने पुतिन की मदद से ही इतना बड़ा साम्राज्य खड़ा किया। हालांकि, रूस ने इस खुलासे को साजिश करार दिया था।
अर्काडी और बोरिस रोटेनबर्ग (Arkady and Boris Rotenberg) भी पुतिन के करीबी दोस्त हैं। रूसी अखबार कोमर्सेंट की एक रिपोर्ट बताती है कि रोटेनबर्ग बंधु पुतिन के बचपन के दोस्त हैं। कोमर्सेंट को दिए एक इंटरव्यू में अर्काडी ने कहा था कि वह पहली बार पुतिन से जूडो क्लास में 12 साल की उम्र में मिले थे। तीनों की एक साथ आइस हॉकी खेलते हुए तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं। CNN के अनुसार, पनामा लीक के बाद अमेरिका ने जिन रूसी अधिकारियों और कारोबारियों पर प्रतिबंध लगाए थे उसमें रोटेनबर्ग बंधुओं का नाम भी शामिल था। यूएस ट्रेजरी का मानना था कि पुतिन के राजनीतिक रसूख के चलते रोटेनबर्ग बंधुओं ने अकूत दौलत कमाई। सोची विंटर ओलंपिक में उन्हें 7 अरब डॉलर का कान्ट्रैक्ट पुतिन के चलते ही मिला था।
सर्गेई चेमेज़ोव (Sergey Chemezov) भी पुतिन के अच्छे दोस्त माने जाते हैं। दोनों पिछले कई सालों से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों ने पूर्वी जर्मनी में केजीबी एजेंट के तौर पर काम किया था। पुतिन और चेमेज़ोव का परिवार एक ही बिल्डिंग में रहता था। सर्गेई चेमेज़ोव कई सरकारी कंपनियों में बड़े पदों पर रह चुके हैं। व्लादिमीर पुतिन के सबसे करीबी दोस्तों में यही नाम शामिल हैं। लिहाजा, शी जिनपिंग भले ही पुतिन को अपना बेस्ट फ्रेंड कहते रहें, लेकिन पुतिन के लिए बेस्ट फ्रेंड के मायने कुछ और हैं।