
Amroha Accident: अमरोहा में एक पुलिस सिपाही ने तेज रफ्तार कार से दो लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद कार का एक टायर पूरी तरह बाहर निकल गया, लेकिन आरोपी सिपाही ने गाड़ी नहीं रोकी और कार को हाईवे पर दौड़ाता रहा। लोगों ने उसका पीछा कर कार रुकवाई। इसके बाद सिपाही को जमकर पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
घटना सोमवार रात करीब 11 बजे डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव डिडौली की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमित कुमार अपने परिवार के साथ जोया से लौटकर घर पहुंचे थे। उसी समय उनके पड़ोसी रविंद्र भी घर के बाहर खड़े थे। आरोप है कि गांव में किराये पर रहने वाला पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव तोमर निवासी बिजरोल, बागपत शराब के नशे में कार चलाते हुए वहां पहुंचा और दोनों को टक्कर मार दी।
जान बचाने के लिए दोनों युवक पास खड़े एक ट्रैक्टर के पीछे छिप गए, लेकिन आरोपी ने कार को बार-बार ट्रैक्टर से टकराया, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। भागते समय टक्कर की वजह से कार का एक टायर निकल गया, बावजूद इसके आरोपी ने रफ्तार धीमी नहीं की। बिना टायर के ही वह नेशनल हाईवे-9 पर कार दौड़ाता रहा। इस दौरान रास्ते में आने वाले कई वाहनों को उसने टक्कर मारी। इसी दौरान नोएडा से बाइक पर शाहजहांपुर जा रहे सुधीर नामक व्यक्ति भी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने बाइक और कारों से आरोपी का पीछा किया और जोया टोल प्लाजा के पास उसको रोक लिया। इसके बाद भीड़ ने आरोपी सिपाही की जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही डिडौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से छुड़ाकर उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचवाया।
मरोहा के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अखिलेश भदौरिया के मुताबिक, पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव तोमर ने शराब के नशे में कई लोगों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहली एफआईआर गांव के पीड़ित की तहरीर पर और दूसरी शाहजहांपुर निवासी घायल बाइक सवार के बेटे की शिकायत पर दर्ज हुई है। पुलिस ने आरोपी सिपाही का मेडिकल परीक्षण करा लिया है।मामले में आगे की कानूनी व विभागीय कार्यवाही की जा रही है।
Updated on:
14 Jul 2026 03:40 pm
Published on:
14 Jul 2026 08:56 am
