अनूपपुर। पुष्पराजगढ़ विकासखड में ग्राम पंचायत भवनों से अनुपस्थित रहने वाले पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों के खिलाफ जनपद पंचायत सीईओ राजेन्द्र त्रिपाठी ने नोटिस जारी किया है। साथ ही सीईओ ने नोटिस जारी करते हुए सभी सम्बंधित सचिव और रोजगार सहायकों के 7 दिनों तक वेतन कटौती के साथ चौबीस घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से उपलब्ध कराने निर्देश दिए हैं। वहीं यदि समय सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी। इनमें निलबंन व पद सेवा समाप्ति की भी कार्रवाई होगी। बताया जाता है कि सीईओ ने विकासखंड के लगभग एक दर्जन ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें आधा दर्जन ग्राम पंचायतों के सचिव व रोजगार सहायक पंचायतों में नहीं दिखे। जिससे नाराज जपं सीईओ ने सभी अनुपस्थित सचिव और रोजगार सहायकों को नोटिस जारी करते हुए २४ घंटे में जवाब मांगे हैं। सीईओ ने ग्राम पंचायत सरई सचिव सुरेश पाठक, रोजगार सहायक गोमती परस्ते, ग्राम पंचायत पड्रीखार के सचिव अर्जुन सिंह, रोजगार सहायक संजय जायसवाल, ग्राम पंचायत बेलडोंगरी के रोजगार सहायक अर्चना परस्ते, ग्राम पंचायत कोहका सचिव अरुणा संत, ग्राम पंचायत देवरा सचिव कमलेश संत, रोजगार सहायक कपूर सिंह, ग्राम पंचायत बम्हनी सचिव जयशंकर पांडेय, ग्राम पंचायत लखौरा सचिव क्रान्ति धुर्वे, रोजगार सहायक दिनेश बनवासी को नोटिस जारी किया है। सीईओ ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ में इनकी अनुपस्थिति में पंचायत में शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाएं जैसे पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, समग्र आईडी, संबल योजना, कर्मकार योजना, खाद्यान्न जैसे महत्वपूर्ण प्रभावित होने की जानकारी सामने आई। वहीं ग्रामीणों के द्वारा सीएम हेल्पलाइन एवं लिखित रूप से इसकी लगातार शिकायतें भी की गई थी। जिस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी के द्वारा शिकायतों के आधार पर बार-बार लिखित व मौखिक रूप से निर्देशित किया जा रहा था। बावजूद ग्राम पंचायत के सचिव व रोजगार सहायक द्वारा लापरवाही बरती जा रहा थी। जिस कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। वहीं ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण भी समय पर नहीं हो पा रहा था। इस पर सभी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। [typography_font:18pt;" >-------------------------------------------------