
अनूपपुर। कोतमा तथा पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए कांग्रेस पार्टी के नेता ही मुसीबत बन गए हैं। टिकट न मिलने पर नाराजगी जताते हुए निर्दलीय चुनाव लडऩे के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। कोतमा क्षेत्र से रिटायर्ड उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवा डॉ. वीपीएस चौहान ने कांग्रेस से टिकट की दावेदारी जताई थी।
टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शराफ के सामने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनौती देने के लिए नामांकन दाखिल किया है। इसी तरह पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य नर्मदा सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरते हुए कांग्रेस प्रत्याशी फुंदेलाल सिंह के सामने चुनौती पेश कर दी है। नर्मदा सिंह इससे पूर्व नगर परिषद अमरकंटक के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता दलबीर सिंह के भतीजे हैं। विरोध के स्वर अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र में भी हैं। यहां कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी दोनों के विरोध में कार्यकर्ता आवाज बुलंद कर चुके हैं। हालांकि अभी तक कोई मैदान में नहीं उतरा है।
सेवानिवृत्ति के बाद अब लड़ेंगे चुनाव
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में दो दशक तक इंजीनियर तथा एसडीओ के पद पर सेवा देने के पश्चात सेवानिवृत्त सुधाकर द्विवेदी ने शुक्रवार को कोतमा विधानसभा से भारतीय संपूर्ण क्रांति पार्टी से नामांकन दाखिल कर दिया है। कोतमा विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या अच्छी खासी है। भाजपा तथा कांग्रेस से ब्राह्मण समाज के कई नेताओं ने टिकट के लिए दावेदारी पेश की थी, लेकिन दोनों ही दलों ने टिकट नहीं दिया।
अनूपपुर में कांग्रेस प्रवक्ता का इस्तीफा
अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र में पैराशूट उम्मीदवार उतारने का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अधिवक्ता अखिलेश सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा में उल्लेखित किया गया है कि पार्टी ने कठिन समय में विश्वनाथ सिंह को यहां से प्रत्याशी घोषित किया और जब कांग्रेस के पक्ष में माहौल है तथा सर्वे में कांग्रेस की सरकार बनती नजर आ रही है। ऐसे समय में पैराशूट उम्मीदवार रमेश सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है।
13 अभ्यर्थियों ने दाखिल किए नामांकन
27 अक्टूबर को 13 अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन फार्म भरे गये। रिटर्निंग ऑफीसर एवं एसडीएम कोतमा के समक्ष विधानसभा क्षेत्र कोतमा के लिए भारतीय सम्पूर्ण क्रांतिकारी पार्टी से सम्बद्ध सुधाकर प्रसाद द्विवेदी ने एक नामांकन पत्र, भाजपा से सम्बद्ध दिलीप जायसवाल ने 3 नामांकन पत्र, निर्दलीय अभ्यर्थी सहसराम ने एक नामांकन पत्र, रामपाल साहू ने एक नामांकन पत्र, हीरावती महरा ने एक नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसी प्रकार रिटर्निंग ऑफीसर एवं एसडीएम अनूपपुर के समक्ष विधानसभा क्षेत्र अनूपपुर (अ.ज.जा.) के लिए भाजपा से सम्बद्ध बिसाहूलाल सिंह ने 2 नामांकन पत्र तथा बसपा से सम्बद्ध सुदामा ने एक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। रिटर्निंग ऑफीसर एवं एसडीएम पुष्पराजगढ़ के समक्ष विधानसभा क्षेत्र पुष्पराजगढ़ के लिए कांग्रेस पार्टी से सम्बद्ध फुन्देलाल सिंह, कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) से सम्बद्ध रमेश, गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी से सम्बद्ध अनिल, निर्दलीय अभ्यर्थी बाबूलाल मार्को, लम्मू सिंह, ललित कुमार संत ने एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया।
Updated on:
29 Oct 2023 10:07 am
Published on:
29 Oct 2023 10:06 am
बड़ी खबरें
View Allअनूपपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
