
Unethical trade: पुलिस ने भंडाफोड़ (Photo Source - Patrika)
MP News:एमपी के अशोकनगर शहर की दीपेश कॉलोनी में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने ही दामाद के साथ मिलकर न सिर्फ हाईप्रोफाइल देह व्यापार चला रही थी, बल्कि हनीट्रैप के जरिए युवकों को फंसाकर लाखों की वसूली भी कर रही थी। जब पुलिस ने छापा मारा, तो नजारा किसी फिल्म से कम नहीं था। पुलिस को देखते ही कई युवक छत से कूदकर भागने लगे, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिसकर्मी भी छतों पर कूदते और दौड़ लगाते नजर आए।
एसपी राजीवकुमार मिश्रा ने मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि मुंगावली एसडीओपी सनम बी खान के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी रविप्रतापसिंह चौहान ने देर शाम पुलिस बल के साथ सीमा अहिरवार के घर पर दबिश दी। मौके से मुख्य सरगना सीमा अहिरवार और एजेंट का काम करने वाले उसके दामाद भरत अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
इनके अलावा सागर व बीना की दो अन्य महिलाएं और 6 पुरुष भी अनैतिक कृत्य करते पकड़े गए। उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, तीन मोबाइल और 2.10 लाख नकदी बरामद हुई। पुलिस ने सभी के खिलाफ देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
देह व्यापार के खुलासे के साथ ही शहर के 32 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर विक्रांत जैन ने हिम्मत दिखाते हुए कोतवाली थाने में इस गिरोह के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप की एफआइआर दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, प्लॉट खरीदने के बहाने सौमा अहिरवार से प्रॉपर्टी डीलर की जान-पहचान हुई थी।
15 जनवरी 2022 की रात सीमा ने उसे दीपेश कॉलोनी स्थित अपने घर बुलाया और नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया। अगली सुबह जब पीड़ित की नींद खुली तो वह निर्वस्त्र था। इसके बाद सीमा ने उसके अश्लील वीडियो दिखाकर उसे बलात्कार के झूठे केस में फंसाने और आत्महत्या की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। साथ ही 51 लाख रु. ऐंठने के बाद भी ब्लैकमेलिंग जारी रही।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी महिला सीमा ने देह व्यापार और ब्लैकमेलिंग के काले कारोबार से बड़ी संपत्ति बना ली है। उसने गली में औने-पौने दामों पर तीन मकान खरीद लिए थे, जहां से पूरा अवैध कारोबार संचालित हो रहा था। महिला को आलीशान लाइफस्टाइल, महंगी गाडियां, कीमती मोबाइल, स्कूटी और सोने के आभूषणों का शौक था। ग्राहकों को लुभाने वह सोशल मीडिया पर बकायदा रील्स बनाकर लड़कियों की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करती थी।
Updated on:
14 Jul 2026 02:19 pm
Published on:
14 Jul 2026 01:43 pm
