
नई दिल्ली। चीन द्वारा ब्रह्मपुत्र नदी पर महत्वाकांक्षी बांध परियोजना से बांग्लादेश को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त सैयद मुजेम अली ने चीन के निर्माणाधीन बांध परियोजना को लेकर खतरे की आशंका जताई है। बांग्लादेश के उच्चायुक्त का कहना है कि इससे पानी का बहाव बाधित होगा और बांग्लादेश के बहुत बड़े क्षेत्र को पेयजल संकट सहित जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणामों का सामना करना पड़ सकता है। आपको बता दें कि भारत पिछले कुछ वर्षों से लगातार ब्रह्मपुत्र पर चीन के परियोजनाओं को लेकर चिंता जाहिर करता आया है। भारत का कहना है कि चीन बांध बनाकर पानी के बहाव को रोकना चाहता है और भारत के समक्ष पेयजल संकट खड़ा करना चाहता है।