पठानकोट एयरबेस पर हमले के बाद मोदी सरकार ने साफ़ कहा था कि आतंक और शांति वार्ता एक साथ नहीं चल सकती। भारत ने पाकिस्तान से दो टूक कहा था कि पाकिस्तान अपनी धरती से संचालित होने वाले आतंकी संगठनों पर ठोस कार्रवाई करके पहले बातचीत का अनुकूल माहौल तैयार करे, तभी बातचीत सम्भव है। इमरान खान के पीएम बनने के बाद उनसे फोन पर हुई बातचीत में भारतीय प्रधानमंत्री ने भारतीय उपमहाद्वीप को हिंसा और आतंक से मुक्त करके विकास केंद्रित क्षेत्र बनाने का आह्वान किया था। दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच दक्षिण एशिया में शांति, सुरक्षा और समृद्धि को लेकर बातचीत हुई थी।