
पाकिस्तान में फिर बनेगी जुगाड़ की सरकार, पीएम की कुर्सी से इमरान खान अभी दूर
इस्लामाबाद:पाकिस्तान में बेशक इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन सत्ता पर काबिज होने और प्रधानमंत्री की कुर्सी से दूर हैं। पाकिस्तान चुनाव आयोग ने शुक्रवार को राष्ट्रीय और चार प्रांतीय असेंबली के 95 प्रतिशत परिणामों की घोषणा कर दी है। जिसके मुताबिक अभी सरकार गठन के लिए इमरान खान के पास पूर्ण बहुमत नहीं है।
किसको कितनी सीटें मिली?
देश में बुधवार को हुए चुनाव के बाद मतगणना की प्रक्रिया धीमी है। पाकिस्तान चुनाव आयोग ने कहा कि पीटीआई को नेशनल असेबंली की 269 सीटों में से 114 सीटों पर जीत दर्ज की है। इमरान के निकटतम प्रतिद्वंद्वी शाहबाज शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने 63 सीटें जीती हैं। पाकिस्तान चुनावी नतीजों में तीसरे स्थान पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) है। पार्टी ने 43 सीटें जीती हैं। वहीं एमएमएम को 11, जीडीए को 2 और एमक्यूएम-पी को 6 सीटों पर जीत मिली है। अभी 30 सीटों पर मतगणना हो रही है।
सरकार के लिए जुगाड़ में जुटे इमरान
इमरान को अपने दम पर सरकार बनाने के लिए कम से कम 137 सीटों की दरकार है, इसका मतलब यह है कि उन्हें सरकार बनाने के लिए 18 सीटों के जुगाड़ करना जरूरू है। इसके लिए छोटे दल या निर्दलिय विजेताओं से मदद लेनी होगी।
सरकार बनाने के लिए 137 सीटों की जरूरत
आम चुनावों के शुरुआती नतीजे में पीटीआई के जीतने के संकेत मिलने के बाद पीटीआई अध्यक्ष बनी गाला स्थित अपने आवास में मंत्रणा के लिए पार्टी नेताओं को बुलाया। सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेता सरकार बनाने को लेकर चर्चा किया, इसके साथ ही छोटे दलों को साथ लाने की कवायद पर भी चर्चा हुई।
चुनाव में धांधली के लिए लगे आरोप
पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के जेल जाने के बाद पार्टी की बागडोर संभाल रहे शाहबाज ने मतगणना में हेराफेरी और हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए परिणामों को खारिज कर दिया था। वहीं, इमरान ने गुरुवार को ही अपनी जीत की घोषणा कर दी थी और धोखाधड़ी के आरोपों को नकारते हुए इसे पाकिस्तान के इतिहास में सर्वाधिक पारदर्शी चुनाव बताया था। पाकिस्तान चुनाव अयोग (ईसीपी) ने भी शाहबाज के आरोपों को गलत बताया और कहा कि चुनाव '100 प्रतिशत पारदर्शी और निष्पक्ष' तरीके से हुए हैं।
Published on:
27 Jul 2018 05:42 pm
