
भारत-पाक शांति अटल बिहारी वाजपेयी के लिए सच्ची श्रद्धांजलि: इमरान खान
इस्लामाबाद: पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के चेयरमैन और १८ अगस्त को पाकिस्तान के पीएम पद की शपथ लेने वाले नेता इमरान खान ने गुरुवार को पूर्व भारतीय प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस बड़े नेता का सम्मान करने का सबसे अच्छा तरीका भारत और पाकिस्तान के बीच शांति स्थापित करना है।
क्या कहा इमरान खान ने
इमरान खान ने कहा कि वाजपेयी भारतीय उपमहाद्वीप के प्रसिद्द और सम्मानित राजनीतिक व्यक्तित्व थे और भारत-पाकिस्तान संबंधों के सुधार के उनके प्रयासों को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि "विदेश मंत्री के रूप में वाजपेयी ने भारत-पाकिस्तान संबंधों को सुधारने की ज़िम्मेदारी ली। प्रधान मंत्री के रूप में, वाजपेयी साहब ने भारत-पाकिस्तान संबंधों को और आगे एक नया आयाम देने ली पहल की। वाजपेयी जी की मौत के साथ दक्षिण एशियाई राजनीति में एक विशाल राजनीतिक निर्वात उत्पन्न हो गया है।
भारत-पाक शांति सच्ची श्रद्धांजलि
इमरान खान ने कहा कि हालांकि दोनों देशों के बीच राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन सीमा के दोनों किनारे शांति चाहते हैं। उन्होंने कहा, "अगर हम वास्तव में अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत का सम्मान करना चाहते हैं तो सीमा पर शांति स्थापित करें। अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद दुःख के इस पल में, मैं भारत के लोगों के साथ खड़ा हूं। "
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने जताया शोक
एक शोक संदेश में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा कि वाजपेयी को एक प्रसिद्ध राजनेता के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने भारत-पाकिस्तान संबंधों में बदलाव लाने में योगदान दिया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "हम भारत के पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन से दुखी हैं। वाजपेयी एक प्रसिद्ध राजनेता थे जिन्होंने भारत-पाकिस्तान में बदलाव लाने में योगदान दिया।"
Published on:
17 Aug 2018, 8:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.