
फिलीपींस के राष्ट्रपति ने कहा- सुंदर महिलाओं की वजह से देश में बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाएं
मनीलाः हमेशा विवादित बयान देकर सुर्खियों में रहने वाले फिलीपींस के राष्ट्रपति रॉड्रिगो दुतेर्ते ने एक बार फिर आपत्तिजनक बयान दिया है। फिलीपींस में बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं के लिए उन्होंने महिलाओं की सुंदरता को जिम्मेदार ठहराया। बेहद शर्मनाक बयान देते हुए उन्होंने कहा कि जहां पर सबसे अधिक सुंदर महिलाएं होगी वहां पर रेप जैसी वारदातें होना स्वाभाविक है। दुतेर्ते का यह बयान उनके गृह राज्य दवाओ में सबसे अधिक दुष्कर्म के मामलों की रिपोर्ट के बाद आया।
इस साल राष्ट्रपति के गृह राज्य में हुए सबसे ज्यादा रेप
दरअसल रॉड्रिगो दुतेर्ते के गृह राज्य दवाओ में साल 2018 में अब तक सबसे अधिक दुष्कर्म और अपहरण जैसी वारदातें हुई हैं। फिलीपींस पुलिस का कहना है कि दवाओ में 2018 की दूसरी तिमाही में दुष्कर्म के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। जब राष्ट्रपति से इन मामले पर मीडिया ने टिप्पणी लेनी चाही तो उन्होंने ये बयान दिया। दुतेर्ते अपनी बातों को साबित करने के लिए उदाहरण भी दिया और कहा कि जहां पर सुंदर महिलाएं और लड़कियां होंगी वहीं पर रेप और अपहरण जैसी घटनाएं घटेंगी।
पहले भी दिया है विवादित बयान
इससे पहले भी रॉड्रिगो दुतेर्ते विवादित बयान देकर देश भर में आलोचना झेल चुके हैं। इसी साल फरवरी में उन्होंने कहा था कि कम्युनिस्ट विद्रोहियों में शामिल महिलाओं के प्राइवेट पार्ट में गोली मार देनी चाहिए। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान महिलाओं के प्राइवेट पार्ट का कई बार जिक्र किया था। दुतेर्ते ने यह भी कहा था कि निजी अंगों के बगैर विद्रोही महिलाएं किसी काम की नहीं रह जाएंगी। जून में दक्षिण कोरिया के दौरे पर गए दुतेर्ते ने फिलीपींस के लोगों को संबोधित करते हुए एक महिला को सार्वजनिक मंच पर चूम लिया था। जिसके बाद उन्हें भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
Published on:
31 Aug 2018 08:46 pm
बड़ी खबरें
View Allएशिया
विदेश
ट्रेंडिंग
