
सांकेतिक चित्र
औरैया। जिले के अयाना कस्बे में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को गम में बदल दिया। शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब कार्ड बांटकर लौट रहे चचेरे भाइयों की बाइक को तेज रफ्तार लोडर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, जालौन जिले के माधौगढ़ थाना क्षेत्र के रामहेतपुरा निवासी अशोक की 15 अप्रैल को शादी तय है। शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए वह अपने चचेरे भाई रोहित (50) पुत्र काशीप्रसाद के साथ भीखेपुर स्थित रिश्तेदारी में गया था। देर शाम दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान दोनों कुआंगांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोग दूर जा गिरे। हादसे में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, पुलिस ने मृतक रोहित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई राजाबाबू और चंद्रशेखर रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि रोहित अविवाहित था और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
11 Apr 2026 04:06 pm
Published on:
11 Apr 2026 04:03 pm
बड़ी खबरें
View Allऔरैया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
