20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

औरैया में दर्दनाक हादसा: ननिहाल जा रहे परिवार को ट्रक ने रौंदा, मां-बेटे की मौत

Auraiya road accident:औरैया में ननिहाल जा रहे परिवार की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसके तीन वर्षीय बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात माह की बच्ची सुरक्षित बच गई।

2 min read
Google source verification

सांकेतिक फोटो

औरैया जिले के सौरिख थानाक्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक सामान्य पारिवारिक सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। गांव शिव सिंहपुर निवासी शिवम कुमार की पत्नी शिवानी (26) अपने तीन वर्षीय बेटे पुष्पम और सात माह की मासूम बेटी सरस्वती उर्फ सिद्धी के साथ भतीजे सोनू की बाइक से सहायल थानाक्षेत्र के गांव पूराकलां स्थित अपने ननिहाल जा रही थीं।

परिवार को क्या पता था कि यह यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी। जैसे ही उनकी बाइक एरवा कटरा कस्बे के बाजार गेट के सामने पहुंची, तभी बिधूना की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवानी और उनका मासूम बेटा पुष्पम ट्रक के नीचे आ गए। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। चीख-पुकार के बीच लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस भीषण हादसे में जहां एक ओर परिवार ने अपनों को खो दिया, वहीं सात माह की मासूम बच्ची सरस्वती चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई। मां और भाई की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं और हर आंख नम दिखाई दे रही है। मासूम के सुरक्षित बचने को लोग भगवान का चमत्कार मान रहे हैं।

वही पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।इस के साथ ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण न होने के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश भी है।