25 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Auraiya News:एक पल में बदला मंजर… ट्रकों की टक्कर के बाद जो हुआ, उसे देख लोग रह गए दंग

Truck Accident Auraiya:औरैया में हाईवे पर तेज रफ्तार के चलते दो ट्रकों की भीषण टक्कर हो गई। पीछे वाले ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। घंटों रेस्क्यू के बाद उसे निकालकर अस्पताल भेजा गया। यातायात बाद में सामान्य कराया गया।

2 min read
Google source verification

औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के खानपुर चौराहा स्थित हाईवे पर बुधवार के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार के चलते हुए इस हादसे में एक 22 चक्का ट्रक में पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

अनियंत्रित ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक 22 चक्का ट्रक औरैया से कानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।हादसे में ट्रक चालक जयवीर सिंह निवासी मदनपुर छबीला, थाना गवाना, जनपद अलीगढ़ केबिन में फंस गए। केबिन के अंदर फंसे चालक की हालत देखकर लोग सहम गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हाइड्रा क्रेन मंगवाई गई। पुलिस और बचाव कर्मियों ने मिलकर केबिन को काटकर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।रेस्क्यू के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा रही और हर कोई चालक की सलामती की दुआ करता नजर आया।

जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

घायल चालक को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल औरैया भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वही थाना प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हाईवे से हटाने का कार्य कराया जा रहा है। साथ ही यातायात को सुचारू रूप से चालू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।