
Skoda Kodiaq Discontinued: स्कोडा ऑटो इंडिया, भारतीय बाजार में सेकेंड जनरेशन कोडियाक एसयूवी के लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इससे पहले, ब्रांड ने मौजूदा जनरेशन की कोडियाक को बंद कर दिया है और इसे अपनी आधिकारिक वेबसाइट से हटा लिया है। अब, स्कोडा की भारतीय लाइनअप में सिर्फ दो एसयूवी हैं - कुशाक और हाल ही में लॉन्च किया गया काइलैक, जो स्लाविया के साथ उपलब्ध हैं।
2025 में आयोजित भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में शोकेस की गई सेकेंड जनरेशन की स्कोडा कोडियाक, पिछले मॉडल के मुकाबले कई डिजाइन बदलावों के साथ आएगी। इसमें नए डिजाइन वाले बम्पर के साथ स्लीक एलईडी हेडलाइट्स और 20-इंच एलॉय व्हील्स मिलेंगे। इसके पीछे की तरफ भी बदलाव किए गए हैं, जिसमें सी-शेप वाली एलईडी टेललाइट्स एक लाइट बार से जुड़ी होंगी।
इंटीरियर्स के मेन बदलावों की बात करें तो, 13 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टॉगल-टाइप गियर सिलेक्टर मिलेगा। इसके अलावा, इस एसयूवी में पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड और हीटेड फ्रंट सीट्स, एम्बियंट लाइटिंग, पावर्ड टेलगेट और प्रीमियम म्यूजिक सिस्टम जैसी सुविधाएं भी देखने को मिलेंगी।
नई-जेनरेशन की कोडियाक में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) के साथ सेफ्टी फीचर्स की लंबी लिस्ट होगी, जिसमें लेन कीप असिस्ट, अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑटोमेटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, 360-डिग्री कैमरा, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग, रियर क्रॉस-ट्रैफिक अलर्ट शामिल हैं। इसके अलावा, इसमें नौ एयरबैग्स, एबीएस, ईबीडी, ईएससी और आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट माउंट्स जैसे फीचर्स भी स्टैंडर्ड रूप से ऑफर किए जाएंगे।
एमक्यूबी ईवो प्लेटफॉर्म पर बेस्ड, स्कोडा कोडियाक में 2.0-लीटर टीएसआई टर्बो-पेट्रोल इंजन होगा, जो 190 हॉर्सपावर और 320 एनएम टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। यह 7-स्पीड डीएसजी ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन के साथ काम करेगा। हालांकि, ग्लोबल मार्केट में इसका प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन भी होगा, लेकिन भारत में यह नहीं लाया जाएगा।
2025 की स्कोडा कोडियाक अप्रैल में भारतीय बाजार में आ सकती है और इसकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है। बाजार में आ जाने के बाद, यह टोयोटा फॉर्च्यूनर, फॉक्सवैगन टिगुआन, हुंडई टक्सन और निसान एक्स-ट्रेल जैसी एसयूवी के साथ मुकाबला करेगी।
Updated on:
26 Feb 2025, 5:53 PM IST
Published on:
26 Feb 2025, 5:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.