
अजय राय का बड़ा बयान। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज
Ram Mandir Donation Dispute Row Ayodhya:उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती रही है। उनका आरोप है कि मौजूदा SIT सरकार के दबाव में गठित की गई है, इसलिए उससे निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि पूरे मामले की जांच ऐसे ईमानदार अधिकारियों से कराई जाए, जो किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर काम कर सकें।
अजय राय ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा मामले पर संज्ञान लेने और SIT को मजबूत करने का सुझाव दिए जाने के बाद अब उम्मीद जगी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और अब दूध का दूध और पानी का पानी होगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट से जुड़े सभी प्रमुख पदाधिकारियों और संबंधित लोगों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि जांच पारदर्शी तरीके से हुई तो सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई संभव होगी।
राम मंदिर ट्रस्ट की प्रस्तावित बैठक को लेकर अजय राय ने कहा कि केवल बैठकें करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जब तक कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसी बैठकों का कोई विशेष महत्व नहीं है। उनके मुताबिक, जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के बाद छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और दर्ज FIR को लेकर भी अजय राय ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्र और युवा विरोधी रवैया अपना रही है। उनके अनुसार, प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ कठोर व्यवहार किया गया और उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया।
आगामी मानसून सत्र को लेकर अजय राय ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, इसलिए वहां देश के सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि राम मंदिर चढ़ावा मामला, पेपर लीक, युवाओं से जुड़े मुद्दे और अन्य जनहित के विषयों पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मुद्दों पर बहस से बचना चाहती है।
दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर कार्रवाई के बाद कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार की आलोचना किए जाने, लेकिन CJP से दूरी बनाए रखने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का छात्र हितों को लेकर अपना स्वतंत्र आंदोलन और स्पष्ट रुख है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि कोटा और देहरादून के बाद अब प्रयागराज, पटना सहित देश के कई शहरों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI और यूथ कांग्रेस लगातार छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी देशभर में युवाओं को जागरूक करने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने का काम कर रही है। कांग्रेस छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और उनकी आवाज बुलंद करने का अभियान आगे भी जारी रखेगी।
Updated on:
21 Jul 2026 05:28 pm
Published on:
21 Jul 2026 05:28 pm
