
अयोध्या राम मंदिर
Ayodhya News: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है। पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। एक तरफ पुलिस ने मुख्य आरोपी से पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रीक्रिएट कराया, तो दूसरी ओर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए दान राशि की गिनती की व्यवस्था में बदलाव शुरू कर दिया है।
पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपित रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव को कस्टडी रिमांड के दौरान शनिवार देर रात राम मंदिर परिसर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया। जांच अधिकारियों ने दोनों से यह समझने की कोशिश की कि चढ़ावे की गिनती के दौरान चोरी किस तरह की जाती थी और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका हो सकती है।सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों को गणना कक्ष में ले जाकर पूरे घटनाक्रम को दोहराने के लिए कहा गया। इस दौरान सुरक्षा कारणों से वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को कुछ समय के लिए बाहर ही रोक दिया गया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपित टिन्नू की निशानदेही पर दो मोटरसाइकिल और एक कार बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये वाहन कथित तौर पर चोरी की रकम से खरीदे गए थे। हालांकि अब तक नकदी या आभूषण बरामद नहीं हो सके हैं। जांच में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि उनसे भी जल्द पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी भूमिका को लेकर पछतावा भी जताया। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान वे भावुक हो गए और अपनी गलती स्वीकार करते हुए रो पड़े। हालांकि पुलिस पूरे मामले की हर कड़ी की अलग-अलग तरीके से जांच कर रही है।
चोरी की घटना सामने आने के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। ट्रस्ट अब दान राशि की गणना वाले कक्ष को यात्री सुविधा केंद्र (PFC) से परकोटे के बेसमेंट में शिफ्ट करने की योजना पर काम कर रहा है, ताकि नकदी की गिनती अधिक सुरक्षित माहौल में हो सके।
इसके साथ ही चढ़ावे की गिनती भी दोबारा शुरू कर दी गई है। अब यह काम दो शिफ्टों में कराया जा रहा है। पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक चलेगी। प्रत्येक शिफ्ट में 10 से 12 कर्मचारियों की टीम तैनात की गई है।
गणना प्रक्रिया की निगरानी के लिए ट्रस्ट ने अतिरिक्त पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। वहीं, पूर्व गणना प्रभारी के जेल जाने के बाद नए प्रभारी की नियुक्ति भी कर दी गई है। ट्रस्ट का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा और वित्तीय पारदर्शिता दोनों को और मजबूत बनाया जा रहा है। अब इस मामले में पुलिस की नजर उन अन्य लोगों पर भी है, जिनके नाम पूछताछ के दौरान सामने आए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल चोरी कांड में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Updated on:
20 Jul 2026 08:46 am
Published on:
20 Jul 2026 08:46 am
