
राम मंदिर निर्माण : अब विदेशों में निधि समर्पण अभियान चलाने की तैयारी
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
अयोध्या. राम मंदिर निर्माण के लिए धन एकत्र करने की मुहिम के तहत चल रहे राम मंदिर निधि समर्पण अभियान की सफलता ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और विश्व हिन्दु परिषद के चेहरे पर खुशी की झलक ला दी है। शुक्रवार तक की गणना के अनुसार करीब 2100 करोड़ रुपए एकत्र हुए हैं। इसमें क्या हिन्दू क्या मुस्लिम करीब सभी धर्मों के लोगों ने अपने तथानुसार चंदा दिया है। अब ट्रस्ट भारत की तर्ज पर विदेशों में भी समर्पण अभियान चलाने की रणनीति बना रहा है। ट्रस्ट की होने वाली बैठक में इस योजना पर चर्चा होगी और अगर सभी सहमत हुए तो इसकी कार्य योजना तैयार कर इसे मूर्तरूप दे दिया जाएगा।
सोमवार को सही धनराशि होगी क्लियर :- मंदिर निर्माण के लिए देशभर में 44 दिन तक चले निधि समर्पण अभियान में रामलला के भक्तों ने दिल खोलकर दान दिया। यह अभियान 15 जनवरी से शुरू होकर 27 फरवरी को खत्म हुआ। इस अभियान के तहत शुक्रवार शाम तक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते में 2100 करोड़ रुपए जमा हो चुके हैं। शनिवार और रविवार को बैंक अवकाश था और अब सोमवार को अभियान में मिले धन का सही सही पता चल सकेगा। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी ने कहाकि, इस अभियान में शुक्रवार शाम तक ट्रस्ट के खाते में 2100 करोड़ रुपए जमा हो चुके हैं, हालांकि, इस राशि में उन चेकों की धनराशि को शामिल नहीं किया गया है, जो अब तक क्लियर नहीं हुए हैं।
यह राष्ट्र का मंदिर है :- चंपत राय
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि दाता (श्रीराम) को देना ठीक नहीं, यह समर्पण भाव है। यह मंदिर किसी एक व्यक्ति का नहीं, यह राष्ट्र का मंदिर है, जो सबकी समर्पण निधि से मिलकर तैयार किया जा रहा है।
ट्रस्ट की बैठक में होगा विचार :- ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविन्ददेव गिरी ने बताया कि विदेशों से लगातार इस तरह के अभियान चलाने की मांग की जा रही है। समर्पण अभियान की सफलता को देखते हुए अब ट्रस्ट विदेशों में भी समर्पण निधि अभियान चलाने की योजना बना रहा है। इस बारे में होने वाली ट्रस्ट की बैठक में विचार विमर्श कर अंतिम रूप दिया जाएगा।
सबसे ऊंची श्रीराम प्रतिमा की परियोजना की तैयारियां तेज :- यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में श्रीराम की 251 मीटर ऊंची प्रतिमा स्थापित करना है। यह प्रोजेक्ट नवंबर 2018 में सामने आई। भूमि की तलाश लगभग पूरी हो गई है। जिला प्रशासन कड़ी मशक्कत के बाद श्रीराम प्रतिमा के लिए रामनगरी में सरयू से लगी माझा बरहटा में 80.357 हेक्टेयर भूमि चिन्हित कर ली है। अब उसे मूर्तरुप देने की तैयारी शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी ने 23 फरवरी को अयोध्या के विजन डॉक्यूमेंट की समीक्षा करते हुए बताया कि पर्यटन विभाग ने इस योजना के तहत भूमि क्रय करने के लिए अयोध्या के जिला अधिकारी को 100 करोड़ रुपए की धनराशि उपलब्ध करा दी है। और अब बिना किसी विलंब के भूमि की खरीद एवं अधिग्रहण होना चाहिए।
Updated on:
28 Feb 2021 03:53 pm
Published on:
28 Feb 2021 03:48 pm
बड़ी खबरें
View Allअयोध्या
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
