
Ramleela
अयोध्या. श्री राम नगरी अयोध्या में इस बार फिर भव्य रामलीला (Ramleela) का आयोजन होगा। इसकी तिथि व मुख्य कलाकारों के नामों की घोषणा हो गई है। इस बार की 'रामलीला' के लिए कुछ नए व बड़े फिल्मी चेहरों को शामिल किया गया है। माता सीता के किरदार में 'मैंने प्यार किया' फेम अभिनेत्री भाग्यश्री (Bhagyashree) नजर आएंगी। भगवान राम की भूमिका अदा करने वाले अभिनेता का नाम अभी तय नहीं हो सका है। शक्ति कपूर (Shakti Kapoor) अहिरावण का किरदार निभाएंगे। रजा मुराद कुंभकरण की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अतिरिक्त कई और कलाकारों के नामों का ऐलान हुआ है। मंचन स्थल को लेकर भी मंथन किया जा रहा है। फिल्मी सितारों से सजी इस रामलीला का आयोजन 6 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक होगा। इसका प्रसारण शाम 7 बजे से लेकर रात 10 बजे तक होगा।
यह फ़िल्मी सितारें भी निभाएंगे किरदार-
अयोध्या में होने वाली भव्य रामलीला के लिए कई और फिल्मी किरदारों का चयन किया गया है। विंदु दारा सिंह राम भक्त हनुमान बनेंगे। असरानी नारद मुनि, शहबाज खान रावण, अभिनेता राज माथुर भरत का किरदार निभाएंगे। अवतार गिल विभीषण की भूमिका में नजर आएंगे। अमिता नांगिया कैकेयी की किरदार निभाएंगी। इसके साथ ही रितु शिवपुरी, राकेश बेदी भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
6 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगी रामलीला-
अयोध्या की रामलीला के कमेटी के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि इस बार रामलीला 6 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक शाम 7 बजे से 10 बजे तक चलेगी। इस बार की रामलीला बीते साल से भी ज्यादा भव्य होगी। अयोध्या की रामलीला, दुनिया की सबसे बड़ी और भव्य रामलीला है। भगवान श्री राम के भक्त इस दुनिया के कोने-कोने से देखते आ रहे हैं। पिछली बार की रामलीला को 16 करोड़ दर्शकों ने देखा था, जो अपने आप में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
आयोजन स्थल को लेकर मंथन जारी-
आयोजन स्थल को लेकर अभी भी मंथन चल रहा है। आयोजकों का प्रयास है कि इस बार रामलीला का मंचन सरयू तट किनारे राम की पैड़ी या राम कथा पार्क में किया जाए। सब कुछ सही रहा तो आम जनता को इसमें आने की इजाजत मिल सकती है। सुभाष मलिक ने बताया कि कोरोना काल का बुरा प्रभाव नहीं रहा तो रामलीला में दर्शकों को आने की इजाजत दी जाएगी। लेकिन यदि हालात ठीक नहीं हुए तो वर्चुअल रामलीला ही होगी, जिसे सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफार्म पर लोग आसानी से देख सकेंगे।
Published on:
03 Jun 2021 03:49 pm
बड़ी खबरें
View Allअयोध्या
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
