
Deepotsav 2024: अयोध्या के भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहले दीपोत्सव के दौरान दो नए वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गए। अयोध्या दीपोत्सव में 25 लाख 12 हजार 585 मिट्टी के दीये जलाने का रेकॉर्ड बना। वहीं 1,121 लोगों ने एक साथ सरयू आरती करते हुए दूसरा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को इन कीर्तिमानों का प्रमाण-पत्र सौंपा गया। सीएम ने अपने संबोधन में कहा यह सिर्फ दीपक नहीं, सनातन धर्म का विश्वास है और अब अयोध्या जैसा ही मथुरा और काशी में दिखना चाहिए।
सीएम ने राम की पैड़ी पर दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। देखते ही देखते लाखों दीयों की रोशनी से पूरा अयोध्या धाम, सरयू तट और आसपास के 55 घाट जगमग हो गए। शाम को लेजर शो और होलोग्राम थ्रीडी से भगवान राम की महिमा का गुणगान हुआ। इससे पहले भगवान राम, सीता और लक्ष्मण स्वरूपों को पुष्पक विमान (हेलिकॉप्टर) से लाया जाकर रथ में सवार करवाया गया। रथ को सीएम सहित अन्य गणमान्य लोगों ने खींचा। राम कथा पार्क पहुंचकर सीएम योगी ने आरती उतारी और तिलक किया।
2017 में अयोध्या में 1.71 लाख, 2018 में 3.01 लाख, 2019 में 4.04 लाख, 2020 में 6.06 लाख व 2021 में 9.41 लाख, 2022 में 15.76 लाख, 2023 में 22.23 लाख दीप प्रज्वलित कर रेकॉर्ड बना। इस बार 25.12 लाख से अधिक दीप जलाए गए।
Updated on:
31 Oct 2024 12:42 pm
Published on:
31 Oct 2024 12:42 pm
