राम जन्मभूमि पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के अलावा, ग्रह नक्षत्र वाटिका, श्रीराम के जीवन को प्रदर्शित करने और उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डालती प्रतिमाओं की श्रृंखला के जरिए रामकथा कुंज की स्थापना, विश्रामगृह, भगवान शिव और हनुमान मंदिर भी होंगे। इसके अलावा भजनस्थल समेत अन्य ऐसे कई स्थल होंगे जो राम जन्मभूमि परिसर को आलौकिक और राममय बना देंगे। इन्हीं में से एक होगी मेटल कोटेड कोदंड राम की पांच फुट की प्रतिमा। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि मूर्तिकार ने फाइबर की भगवान राम की मूर्ति बनाई है। उनकी कल्पना है कि भगवान श्रीराम ने जब लंका पर विजय प्राप्त की थी तो उस समय श्रीराम को प्रसन्नता हुई थी। उनकी खुशी को इस मूर्ति के चेहरे पर दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि यह भक्त की श्रद्धा थी, जिसको यहां समर्पित किया है।