
Ram Mandir : आरोपी करुणेश पांडे के पिता ने किया बड़ा दावा, PC- Patrika
अयोध्या के राम मंदिर दान विवाद मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे आरोपियों के परिवारों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। मामले में आरोपी बनाए गए करुणेश पांडे के पिता रामदास पांडे ने अपने बेटे का बचाव करते हुए दावा किया है कि करुणेश निर्दोष है और उसके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
मीडिया से बातचीत में रामदास पांडे ने कहा, 'करुणेश हमारा बेटा है। हम उसे अच्छी तरह जानते हैं। उसने ऐसा कोई काम नहीं किया है। अगर किसी को शक है तो हमारी पूरी संपत्ति की जांच करा ली जाए। हमारे पास पुश्तैनी जमीन-जायदाद के अलावा कुछ भी नहीं है।'
उन्होंने कहा कि यदि करुणेश ने वास्तव में करोड़ों रुपये की हेराफेरी की होती तो उसके जीवन स्तर में बदलाव दिखाई देता, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। रामदास पांडे का कहना है कि उनका परिवार आज भी सामान्य जीवन जी रहा है और आर्थिक स्थिति में कोई असामान्य परिवर्तन नहीं आया है।
करुणेश के पिता ने भावुक होते हुए कहा, 'वह अपने बच्चों के लिए भी कोई बड़ा तोहफा लेकर नहीं आता था। हमारे घर की हालत देखकर कोई भी समझ सकता है कि हमारे पास कोई अतिरिक्त संपत्ति या अकूत धन नहीं है। अगर जांच एजेंसियां चाहें तो हमारे बैंक खाते, जमीन-जायदाद और पूरी संपत्ति की जांच कर सकती हैं।'
रामदास पांडे ने यह भी कहा कि उनका परिवार जांच में पूरा सहयोग करेगा और उन्हें भरोसा है कि निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे को बिना ठोस सबूतों के संदेह के घेरे में खड़ा किया जा रहा है।
उधर, राम मंदिर दान विवाद मामले की जांच कर रही एसआईटी लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। जांच एजेंसी बैंक रिकॉर्ड, लेनदेन, दान राशि की गिनती और जमा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। मामले में कई लोगों से पूछताछ हो चुकी है और जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
हाल ही में जांच के दौरान यह भी सामने आया था कि दान राशि के बैंक खातों में जमा होने वाली रकम में बड़ा अंतर पाया गया है। इसी आधार पर एसआईटी कथित वित्तीय अनियमितताओं और संभावित हेराफेरी के एंगल की जांच कर रही है।
फिलहाल करुणेश पांडे के पिता का बयान ऐसे समय में आया है जब पूरे मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा तेज है। अब सभी की निगाहें एसआईटी की जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और इस पूरे मामले में किसकी क्या भूमिका रही।
Updated on:
04 Jul 2026 04:39 pm
Published on:
04 Jul 2026 04:25 pm
