
राम मंदिर चंदा चोरी पर महंत सीताराम दास का बयान (फोटो- पत्रिका)
Ayodhya Ram Mandir Donation Case Update:राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर अयोध्या के साधु-संतों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस पूरे विवाद पर महंत सीताराम दास महाराज ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि मंदिर के चंदे में हुई इस कथित चोरी ने पूरे समाज और राम-भक्तों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है।
महंत सीताराम दास जी महाराज ने इस घटना के पीछे बड़ी साजिश होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में राम विरोधी, देश विरोधी और राष्ट्र विरोधी ताकतें सक्रिय हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया और एड्स जैसी गंभीर बीमारियों से की थी आज वही लोग एकजुट होकर भगवान श्रीराम और सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
महंत सीताराम दास जी महाराज ने प्रशासन की कार्रवाई पर पूरा विश्वास जताते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस मामले में एक भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जो भी इस महापाप का दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी और दोषियों की संपत्तियों पर बुलडोजर जरूर चलेगा। उन्होंने राम भक्तों को आश्वस्त किया कि सनातन धर्म के अनुयायियों को इस मामले में पूर्ण न्याय मिल कर रहेगा।
इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही एसआईटी को लेकर महंत जी ने पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी ने एसआईटी जांच की समय सीमा को 15 दिन और बढ़ा दिया है ताकि सभी तथ्य सबूत और बारीकियां समाज के सामने स्पष्ट रूप से आ सकें। उनका मानना है कि एसआईटी की जांच पूरी होने पर सच सबके सामने आ जाएगा और दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।
बता दें राम मंदिर चंदा चोरी मामले की तह तक जाने के लिए यूपी सरकार ने एसआईटी को 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। अयोध्या पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को 24 घंटे की रिमांड पर लेकर मंदिर परिसर में क्राइम सीन रीक्रिएट किया है। कस्टडी के दौरान एसआईटी आरोपी से यह उगलवाने में जुटी है कि चोरी को कैसे अंजाम दिया गया और पैसे कहां छिपाए गए हैं। इसके साथ ही वारदात में शामिल अन्य लोगों को लेकर भी अविनाश से कड़ी पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जल्द ही पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
संबंधित विषय:
Updated on:
07 Jul 2026 12:16 pm
Published on:
04 Jul 2026 11:17 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
