
Mahant Nritya Gopal Das Health Update: अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों ने महंत जी के कुछ जरूरी टेस्ट कराए हैं। सूत्रों के मुताबिक रिपोर्ट आने के बाद उसी के आधार पर आगे का इलाज शुरू किया जाएगा। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम उन पर लगातार नजर बनाए हुए है।
88 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत इससे पहले जनवरी महीने में भी बिगड़ गई थी। तब भी उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया गया था, जिसके बाद वे स्वस्थ हो गए थे।
जनवरी में जब महंत जी अस्पताल में भर्ती हुए थे, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की पूरी जानकारी ली थी।
बता दें कि नृत्य गोपाल दास श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के भी अध्यक्ष हैं और देश-विदेश में उनके लाखों शिष्य हैं। सीएम योगी जब भी अयोध्या आते हैं तो महंत नृत्य गोपाल दास का हाल-चाल जानने और उनका आशीर्वाद लेने मणिरामदास जी की छावनी जरूर पहुंचते हैं।
गौरतलब है कि पांच साल पहले कोरोना काल में मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान महंत नृत्य गोपाल दास कोरोना संक्रमित हो गए थे। तभी से उनके स्वास्थ्य में लगातार चढ़ाव-उतार चलता रहा है। इसी क्रम में उन्हें पहले भी कई बार लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।
बीते साल 27 नवंबर 2025 को महंत नृत्य गोपाल दास मथुरा-वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के श्रीराधा केली कुंज आश्रम पहुंचे थे। इस दौरान प्रेमानंद महाराज ने भाव-विभोर होकर उनका भव्य स्वागत किया था। अगवानी के वक्त प्रेमानंद महाराज ने महंत के कदमों में दंडवत प्रणाम किया, फिर उन्हें अपने आसन पर बैठाकर जमीन पर बैठे-बैठे खुद उनके पांव पखारे, माला पहनाई और आरती उतारी। इस दौरान संत-श्रद्धालु लगातार राधा नाम का कीर्तन करते रहे। इस मौके पर महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा था कि भगवान राम के बिना कोई काम नहीं हो सकता है। भगवान की कृपा के बिना कोई काम होता नहीं है। इसलिए हमें भगवान की कृपा पर निर्भर रहना चाहिए।
Updated on:
01 Jul 2026 12:37 pm
Published on:
01 Jul 2026 11:38 am
बड़ी खबरें
View Allअयोध्या
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
