
पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय और संत राजू दास फोटो सोर्स Facebook Account
UP Politics:अयोध्या के संत राजू दास के साथ टीवी डिबेट को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन और पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय ने कहा कि अब कांग्रेस का कोई भी प्रवक्ता उस चैनल की डिबेट में शामिल नहीं होगा, जिसमें राजू दास मौजूद होंगे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लाइव डिबेट में राजू दास ने मर्यादा की सीमाएं लांघीं और पार्टी प्रवक्ता से अभद्र व्यवहार किया।
अयोध्या के संत राजू दास को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन और पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस पार्टी का कोई भी प्रवक्ता अब उस टीवी चैनल की डिबेट में शामिल नहीं होगा, जिसमें राजू दास मौजूद होंगे। कांग्रेस की ओर से जारी बयान में 24 अगस्त 2026 को दूरदर्शन चैनल पर हुई एक डिबेट का हवाला दिया गया है। इस बहस में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद कांग्रेस की ओर से शामिल हुए थे। जबकि अयोध्या के महंत राजू दास भी डिबेट में मौजूद थे।
डॉ. सीपी राय ने आरोप लगाया कि बहस के दौरान राजू दास ने मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए कांग्रेस प्रवक्ता के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्हें धमकी भी दी। कांग्रेस का कहना है कि बहस के दौरान भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में तथ्यपरक जवाब नहीं दे पाने की स्थिति में राजू दास कथित तौर पर गाली-गलौज पर उतर आए।
कांग्रेस के मुताबिक, डिबेट के दौरान मौजूद न्यूज चैनल की दो महिला एंकर भी इस घटनाक्रम से स्तब्ध रह गईं। स्थिति बिगड़ने के बाद कार्यक्रम को बीच में ही बंद करना पड़ा। पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम को शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन ने कहा कि लाइव प्रसारण के दौरान हुई इस घटना को कांग्रेस पार्टी गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि राजू दास द्वारा डिबेट में की गई अभद्रता के चलते पार्टी ने उनके साथ किसी भी चैनल की बहस में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला सभी टीवी चैनलों पर लागू होगा। यानी जिस चैनल के कार्यक्रम में राजू दास डिबेट का हिस्सा होंगे। कांग्रेस की ओर से वहां कोई प्रवक्ता बहस में शामिल नहीं होगा। इस फैसले के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में टीवी डिबेट को लेकर भी सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। कांग्रेस ने अपने फैसले के जरिए स्पष्ट संकेत दिया है कि पार्टी आगे राजू दास के साथ किसी भी सार्वजनिक बहस में हिस्सा नहीं लेगी।
Updated on:
25 Aug 2026 07:02 pm
Published on:
25 Aug 2026 07:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
