25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Azamgarh News: सुबह सुबह तड़तड़ाईं गोलियां, 50 हजार के इनामिया का हुआ एनकाउंटर

Crime News: आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जबकि उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। […]

2 min read
Google source verification
Azamgarh

Azamgarh news,Pic- Patrika

Crime News: आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जबकि उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।


पुलिस के मुताबिक 24 फरवरी की रात थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह टीम के साथ ऊंची गोदाम इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि तीन पशु तस्कर अवैध असलहों के साथ सोनवारा की ओर से बड़ैला ताल की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम छैला इनार तिराहे पर पहुंची और घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।


कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।


घायल की पहचान नसीम उर्फ लम्बू (40) पुत्र दिलशेर, निवासी ग्राम कोटिला, थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। उसे तड़के करीब 2:30 बजे हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा, एक मिस कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।


गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने पशु तस्करी और चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की पहचान वसीम और भुटेली उर्फ करिया के रूप में हुई है, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि नसीम के खिलाफ हत्या के प्रयास, गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है।