
Azamgarh University: महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय आजमगढ़ की सेमेस्टर परीक्षाओं के बीच उड़ाका दल द्वारा की गई औचक कार्रवाई में सामूहिक नकल का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा गठित टीम ने द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान बाबा सहोरु दास स्मारक महाविद्यालय, नन्दाव में छापेमारी की, जहां व्यापक स्तर पर अनियमितताएं पाई गईं।
यह कार्रवाई डॉ. पंकज सिंह एवं डॉ. शफीउज्जमा के नेतृत्व में की गई। टीम गांधी त्रिवेणी स्मारक बरदह नोडल केंद्र से संबद्ध इस परीक्षा केंद्र पर पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परीक्षा में शामिल छात्र खुलेआम सामूहिक नकल कर रहे थे, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। इसके अलावा, विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित कई नियमों और मानकों का उल्लंघन भी सामने आया।
उड़ाका दल ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए सभी तथ्यों को संकलित किया और अपनी विस्तृत रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोषी संस्थान और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह के अनुसार, कुलपति ने कहा है कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन परीक्षा कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। इस कार्रवाई के बाद परीक्षा केंद्रों पर सख्ती और निगरानी बढ़ाए जाने की संभावना है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Published on:
02 May 2026 09:47 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
