
अखिलेश यादव व राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव
सपा मुखिया अखिलेश यादव और बीजेपी के बड़े नेता खुलकर आमने सामने हो गए है। पहले अखिलेश ने केशव प्रसाद मौर्य को सीएम बनने का आफर दिया था। अब योगी सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अखिलेश यादव को सपा का बीजेपी में विलय कर मंत्री बनने का आफर दिया है।
अखिलेश ने केशव मौर्य को कहा था सौ विधायक लाओ मुख्यमंत्री बनो
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पिछले दिनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य को मुख्यमंत्री बनने का आफर दिया था। इसके बाद उन्होंने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में प्रचार के दौरान प्रदेश सरकार के दो डिप्टी सीएम को असिस्टेंट बताया था।
अखिलेश यादव ने कहा था कि दोनों डिप्टी सीएम अगर 100 विधायक लेकर आ जाएं तो सपा उन्हें मुख्यमंत्री बना देगी। सपा मुखिया के इस बयान पर बीजेपी नेता लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अब इस जंग में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव भी कूद पड़े हैं।
गिरीश ने दी सपा के बीजेपी में विलय की सलाह
योगी सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मंत्री बनने का ऑफर दे डाला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सपा का विलय भाजपा में कर दें तो उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाने पर विचार किया जा सकता है।
मंत्री बोले, अखिलेश के पास नहीं है कोई मुद्दा
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। सरकार के काम दिख रहे हैं। अब अखिलेश को समझ नहीं आ रहा कि बोले तो क्या बोले। अखिलेश यादव अपनी खीझ निकाल रहे हैं। उनकी बयानबाजी का कोई असर नहीं होने वाला है।
काम के दम पर मैदान में बीजेपी
गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी एक के बाद एक चुनाव अगर जीत रही है तो काम के दम पर जीत रही है। अखिलेश यादव कहते हैं कि बीजेपी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। क्या वे बताएंगे कि वर्ष 2014 और 2017 में किसकी सरकार थी, जब बीजेपी ने लोकसभा और विधानसभा में उनकी पार्टी का सफाया कर दिया था।
Published on:
04 Dec 2022 03:57 pm
