
Now Barwani's Court Square will be called Shri Ram Chowk
ONLINE... VISHAL YADAV
बड़वानी. सोमवार का दिन भारत के इतिहास के सबसे खास पलों में जुड़ गया। श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साथ ही 500 वर्ष का लंबा इंतजार खत्म हो गया। इस विशेष अवसर पर शहर का प्रमुख चौराहा और एक बाजार भगवान श्रीराम के नाम जुड़ गया। कोर्ट चौराहे पर श्रीराम चौक और एमजी रोड से पालाबाजार को जोडऩे वाला बाजार अब श्रीराम बाजार के नाम से जाना जाएगा। इस दौरान दिनभर श्रीराम चौक पर लोग सेल्फी लेते नजर आए।
श्रीराम चौक के नामकरण अवसर पर अयोजित कार्यक्रम में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का एलइडी पर सीधा प्रसारण दिखाया। साथ ही कार सेवकों का सम्मान किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों को राम मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह की शुभकामनाएं व बधाई देते हुए कहा कि आज एक नए युग की शुरुआत हुई है। राम भक्तों का करीब 500 साल का लंबा इंतजार आज खत्म हो गया है। प्रभु श्री राम अब अयोध्या में विराजमान हो गए हैं। इस दौरान सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलनयन इग्ले, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान, सीएमओ कुशलसिंह डोडवे सहित कार्यकर्ता व अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
आतिशबाजी के साथ गूंजे श्रीराम के जयघोष
पौष शुक्ल, द्वादशी विक्रम संवत 2080 यानी सोमवार को निर्धारित मुहूर्त पर जैसे ही अयोध्या में भगवान श्री राम बाल रूप में श्री राम जन्म भूमि पर बने नवीन गर्भगृह में विराजित हुए, शहरभर में दीपावली से भी अधिक उत्साह और उत्सव का माहौल देखने को मिला। शहर में गली-मोहल्लों से लेकर मंदिरों में अयोध्या के लाइव प्रसारण को देखा व सुना। जब रामलाल की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हुई उस दौरान चौक पर मौजूद लोगों ने आतिशबाजी कर जय श्री राम के जय घोष लगाए। सभी लोग राम की भक्ति में डूबे नजर आए। शाम होते होते शहर का माहौल और भी मनमोहक हो गया। भव्य आतिशबाजी और दीपमाला प्रज्वलन के साथ महाआरती संपन्न हुई।
छोटे बागेश्वर धाम में सुंदरकांड हुआ
सोमवार दिनभर शहर में विभिन्न जगह कार्यक्रम हुए। शहर के एमजी रोड पर सर्वाधिक उत्साह नजर आया। दोपहर बाद विभिन्न स्थानों से रैली के रुप जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए हजारों श्रद्धालु मुख्य मार्गांे पर निकले और खुशियां मनाई। इसी तरह अंजड़ नाका स्थित नार्थ ऐवेन्यु कॉलोनी में श्री छोटे बागेश्वर धाम सरकार हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का आयोजन हुआ। इंद्रभवन परिसर स्थित श्रीराम कृष्ण मंदिर में 11 जोड़ों ने हवन में पूर्णाहुति डाली। इस मौके पर विशेष पूजन कर आरती की गई और अयोध्या कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। शाम को आरती कर आतिशबाजी कर जश्र मनाया गया। इसी तरह डीआरपी लाइन के सामने नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पर भगवान राम की मूर्ति की स्थापना हुई। पं. राजू तिवारी ने सपत्नीक जोड़ से किया पूजा अर्चना की। निशा अजयसिंह ठाकुर ने बताया कि मूर्ति स्थापना के बाद भजन संध्या की गई।
खीर-पुड़ी बनाकर वितरित की
देशभर में जहां अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा के दौरान प्रसादी वितरण के आयोजन हुए। वहीं बीते कई वर्षांे से शहर में बेसहारा व जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन वितरण कर रहे अजीत जैन मित्र मंडल ने सोमवार को जनसहयोग से जरुरतमंदों को दोनों समय भोजन के तहत खीर पुड़ी और सब्जी प्रसादी बनवाकर खिलाई। इस दौरान बेसहारा जरूरतमंदों सहित जिला मुख्यालय पर अस्पताल में इलाज के लिए आए दूरस्थ व अन्य जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के परिजनों को आशा ग्राम, शासकीय अस्पताल, निजी अस्पतालों में पहुंचकर स्वादिष्ट भोजन परोसा।
मोटीमाता मंदिर में बांटी चाय की प्रसादी
शहर के मोटी माता मंदिर में श्रीराम लला प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में 22 जनवरी को दोपहर 12.45 बजे आरती के बाद महाप्रसादी बांटी गई। दोपहर 1 बजे बाद मंदिर चौक पर चाय की प्रसादी नि:शुल्क बांटी गई। इसमें धनगर टी स्टॉल के महेश धनगर, अनिल सोहनी, जय हो मातारानी फर्नीचर के हरिश शर्मा, जाह्वनी कंस्ट्रक्शन के निहाल ठेकेदार, फल विक्रेता के दिनेश तिवारी सहित अन्य भक्तों का विशेष सहयोग रहा। शहर के रानीपुरा में महालक्ष्मी मंदिर और श्री कृष्ण मंदिर के सामने अयोध्या श्री राम मंदिर की प्रतिकृती की आकर्षक रंगोली सजाई गई। अखिलेश गुप्ता, राधे गुप्ता, अक्षित गुप्ता, कृष्णा जोशी द्वारा रंगोली सजाकर 56 भोग लगाया।
कलेक्टर-एसपी ने किया भ्रमण
सोमवार को जिलेभर में पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। कलेक्टर डॉ. राहुल फटिंग और एसपी पुनीत गेहलोद ने अपने अमले के साथ शहर में भ्रमण किया। कलेक्टर ने शहर के प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर कार्यक्रमों की व्यवस्था देखी। वहीं एसपी गेहलोद ने टीआई दिनेशसिंह कुशवाह के साथ शहर में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने, सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
Published on:
23 Jan 2024 11:41 am
बड़ी खबरें
View Allबड़वानी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
