25 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बागपत में भीषण हादसा: रटौल में गेट से टकराई अनियंत्रित बाइक, मदरसे के 2 छात्रों की मौत

बागपत के रटौल में बाइक हादसे में दो मदरसा छात्रों की मौत हो गई। गेट से टकराकर शहजाद और अयान दो नाले में गिरे। दिल्ली ले जाते समय रास्ते में दोनों ने दम तोड़ा दिया।

2 min read
Google source verification

बागपत

image

Aman Pandey

Apr 25, 2026

उत्तर प्रदेश के बागपत में हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। रटौल-लोनी मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास बाइक अनियंत्रित होकर एक गेट से टकरा गई। हादसे में (Road Accident) मदरसे में पढ़ने वाले दो किशोर छात्रों की जान चली गई। दोनों मृतक छात्र 'हाफिजे कुरान' की शिक्षा ले रहे थे। मामला रटौल कस्बे का है।

तड़के घूमने निकले थे दोस्त

रटौल निवासी 16 वर्षीय शहजाद पुत्र शकील और 14 वर्षीय अयान पुत्र शहजाद बस अड्डे के पास स्थित बड़ा मदरसा 'मोहसीन उल उलूम' के छात्र थे। शनिवार सुबह दोनों किशोर अपनी बाइक लेकर रटौल-लोनी मार्ग पर घूमने के लिए निकले थे। उनके साथ दूसरी बाइक पर उनके दो अन्य दोस्त भी चल रहे थे। जैसे ही ये लोग पेट्रोल पंप से वापस रटौल की ओर मुड़े, गेट के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे गेट से जा टकराई।

बाइक टकराते ही नाले में जा गिरे छात्र

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों किशोर उछलकर पास के नाले में जा गिरे। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर दौड़े। देखा तो दोनों छात्र लहूलुहान अवस्था में नाले में पड़े थे। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों को गंभीर हालत में दिल्ली के गुरुतेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया जाने लगा। लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।

मदरसे में छुट्टी

हादसे में जान गंवाने वाले शहजाद और अयान मदरसे के होनहार छात्र थे। जैसे ही दोनों के शव कस्बे में पहुंचे, पूरे रटौल में मातम पसर गया। पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर आंख नम थी और माहौल गमगीन था। शोक के चलते मदरसा मोहसीन उल उलूम में छुट्टी घोषित कर दी गई है। कस्बे के लोगों का कहना है कि दोनों किशोर काफी मिलनसार थे।