
बागपत। जिले में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तीन तलाक का मामला सामने आया है। जहां दहेज में कार नहीं मिलने पर दहेज लोभी पति ने अपनी पत्नी को बदसूरत बताकर पहले तो तीन तलाक कह दिया और फिर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पिटाई के दौरान पीडि़ता का हाथ टूट गया और उसके शरीर पर गम्भीर चोट भी आई है। जिसके बाद पीडि़ता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
दरअसल मामला सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के सिंघावली अहीर गांव का है। जहां की रहने वाली लड़की साइन का निकाह गाजियाबाद जिले के लोनी में रहने वाले जाहिद के साथ 31 मार्च को हुआ था। लड़की के परिजनों ने शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक मोटरसाइकिल व अन्य सभी सामान भी दिया था, लेकिन शादी के बाद से ही दहेज लोभी ससुराल वाले दहेज में कार नहीं लाने की बात को लेकर आए दिन साइन को प्रताडि़त करने लगे थे।
दहेज की मांग का विरोध करने पर दिया तीन तलाक
पति लगातार पत्नी से कार की डिमांड कर रहा था। पीडि़ता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि पति ने दहेज कम मिलने की वजह से उसे बदसूरत बताकर तीन तलाक दे दिया और उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पिटाई के दौरान लड़की का हाथ भी टूट गया और उसके शरीर पर गंभीर चोट आई है। जिसके बाद पीडि़ता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची। उसने पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। फिलहाल थाना पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
Published on:
11 Sept 2019 04:47 pm
