
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बागपत. पंचायत चुनाव के लिए जिले में यूरिया से जहरीली शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने एक मकान में छापा मारकर शराब की एक फैक्ट्री पकड़ी है। इस फैक्ट्री में बाहर से ताला लगा हुआ था और अंदर यूरिया से जहरीली शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस ने मौके से दो लोगों को भी पकड़ा है।
पकड़े गए दाेनों लोगों ने पुलिस को बताया कि शराब ऑर्डर पर तैयार की जा रही है। वे पहले ऑर्डर लाते है उसके बाद शराब तैयार करते है। मौके से पुलिस को शराब की खाली बोतलें, रेपर और हजारों ढक्कन भी मिले हैं। आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से अवैध शराब लाकर उसमें स्प्रिट और यूरिया की मिलावट करके शराब तैयार करते हैं।
बाहर से मकान में बंद था ताला भीतर चल रही थी फैक्ट्री
इंस्पेक्टर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि देर रात धनौरा सिल्वरनगर गांव के एक दबिश दी थी। मकान के बाहर ताला लगा हुआ था। अदर हरियाणा से तस्करी करके लायी गयी शराब में यूरिया और अन्य केमिकल मिलाकर जहरीली शराब बनाई जा रही थी। मौके से 150 पेटी अवैध देशी शराब, 15 लीटर स्प्रिट व एक कट्टा यूरिया बरामद किया गया। मौके से दो शराब तस्करों महेंद्र बैरागी और बाबूराम को हिरासत में लिया है। दोनों धनौरा सिल्वरनगर के निवासी हैं जबकि एक आरोपी जैनू मौके से फरार हो गया। बरामद शराब पंचायत चुनाव के दौरान इस्तेमाल करने के लिए हरियाणा से तस्करी कर मंगाई गई थी। फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।
Updated on:
13 Mar 2021 11:10 am
Published on:
13 Mar 2021 11:01 am
