
Seven Hour Panther Panic: बाजारों में दौड़ा, घर में घुसा, पेड़ पर बैठा और सब्जी मंडी में पकड़ा गया
अजीतगढ (Panther Panic). अजीतगढ़ कस्बे में एक पैंथर ने रविवार को जमकर आतंक मचाया। जिससे करीब 7 घंटे तक लोगों में दहशत (Panther Panic) का माहौल रहा। रविवार को सुबह साढ़े ग्यारह बजे नजदीक की पहाडिय़ों से पैंथर कस्बे के बाजारों में आ गया। बाजार में पैंथर देखकर दुकानदारों ने शटर बंद लिए। इधर-उधर भागने लगे। दुपहिया वाहन चालक पैंथर को देखते ही वाहन छोड़कर भागने लगे। पूरे बाजार में दहशत का माहौल रहा।
पैंथर ने कस्बे के बाजारों में सरपट दौड़ लगाई। एक दुकान से दूसरी दुकान व एक मकान से दूसरे मकान में घुसते हुए गौशाला के पास पहुंच गया और फिर पीपल के पेड़ में चढ़ गया। पेड़ पर पैंथर को देखने के लिए लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर वन विभाग, पुलिस, प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गौशाला के सामने स्टेट हाइवे पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, काफी मशक्कत करके भीड़ को हटाना पड़ा। जयपुर जू से आई वन्यजीव रेस्क्यू टीम ने 7 घंटे बाद पैंथर पर काबू पाया और पकड़कर नीमकाथाना ले गई।
सामने पैंथर दिखा तो उड़ गए होश
पैंथर पहाड़ी से उतरकर बगीची के पास से न्यू मार्केट में पहुंच गया। लोगों को पैंथर बाजार में सरपट दौड़ते हुए नजर आया। अचानक पैंथर (Panther Panic) को सामने देखकर लोगों के होश उड़ गए। बचाव के लिए इधर, उधर दौडऩे लगे। कस्बे में दहशत का मौहाल हो गया। आपाधापी में कई बाइक सवार भी गिर गए।
दो जनों को नाखून से किया जमी
बाजार में दौड़ते हुए पैंथर ने राकेश बावलिया व मुकेश गुर्जर को नाखुन से जमी कर दिया। इस पर पैंथर के पीछे हजारों लोग हाथों में डंडे लेकर दौड़ पड़े। इससे पैंथर घबरा गया तथा एक मकान से दूसरे मकान व एक दुकान से दूसरी दुकान में घुसते हुए चौमूं रोड स्टेट हाइवे होते हुए गौशाला में पहुंच गया। यहां निकलकर वह सामने एक पीपल की पेड़ की चोटी पर जाकर बैठ गया। पैंथर के आने की सूचना पर अजीतगढ़ थाना प्रभारी सवाई सिंह, वन विभाग के वनपाल शिवसहाय मौके पर पहुंचे।
वन विभाग के खिलाफ आक्रोश
सूचना के तीन घंटे तक भी वन विभाग का कोई अधिकारी नहीं आने पर लोगों में वन विभाग के प्रति आक्रोश रहा। बाद में सीकर जिला वन अधिकारी विजय शंकर पांडेय, सीकर एसीएफ विरेन्द्र सिंह कृष्णियां, श्रीमाधोपुर तहसीलदार महिपाल सिंह, रेंजर देवेन्द्र सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। करीब पांच घंटे बाद जयपुर से वन विभाग की रेस्क्यू टीम प्रभारी डॉ. अशोक तंवर की टीम पहुंची। टीम ने ट्रेंक्यूलाईजेशन करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। बाद में के्रन मंगवाई गई। के्रन में पिंजरा बांध कर टीम के प्रभारी को पेड़ की बराबर की ऊंचाई पर पहुंचाया गया। पेड़ के नीचे जाल भी बिछाया गया।
भीड़ देख घबराया पैंथर, दबोचा
इंजेक्शन लगने पर पेड़ से जाल पर गिरा, उठा दौड़ा, एक तरफ गौशाला दीवार, दूसरी भीड़ देख सब्जी मंडी में घुस गया, रास्ता नहीं मिला तो घबराया, फिर वन विभाग की टीम ने जाल डालकर दबोच लिया
पेड़ से नीचे गिरा और दौड़ पड़ा
रेस्क्यू टीम का एक इंजेक्शन लगते ही पैंथर पेड़ से नीचे जाल पर गिरकर लोगों की भीड़ की तरफ भाग खड़ा हुआ। इससे मौके पर ागदड़ मच गई। भगदड़ में गिरने से कई लोगों के हल्की चोटें भी आई। इधर उधर भागने के बाद अजीतगढ़ सब्जी मंडी में ग्रामीणों के सहयोग से पैंथर को दबोच लिया गया। पुलिस को भारी भीड़ के चलते मशक्कत करनी पड़ी। बाद में घायल पैंथर को नीमकाथाना ले जाया गया।
Updated on:
03 Nov 2019 11:31 pm
Published on:
03 Nov 2019 11:31 pm
