
बंदरों की फाइल फोटो सोशल मीडिया से
Bahraich News: बहराइच जिले के नानपारा रेंज के एक बाग में एक दर्जन बंदरों के मृत अवस्था में पड़े होने की खबर सुनते ही आसपास गांव के लोग देखने के लिए मौके पर पहुंच गए। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दिया है।
Bahraich News: बहराइच जिले के नानपारा कोतवाली के गांव इंटहा में एक बाग में एक दर्जन बंदरों के शव को रविवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा तो हड़कंप मच गया। यह बात जंगल में आग की तरह फैल गई। बंदरों को देखने के लिए आसपास गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों की मौत अपने आप नहीं हुई है। बल्कि कुछ लोगों ने मक्का के लावा में जहर मिलाकर दे दिया है। हालांकि ग्रामीणों का यह दावा कितना सच है यह बात जांच के बाद ही पता चल सकेगी। गांव के कुछ लोगों ने शनिवार की शाम को ही बंदरों के शव को बाग में पड़ा देखा था। लेकिन जब सुबह ग्रामीण पहुंचे तो उनका आरोप है कि कुछ बंदरों के शव को लोगों ने गायब कर दिया। बंदरों की मौत को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी है। डीएफओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि बंदरों की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर कर्मचारियों को भेजा गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
इस संबंध में नानपारा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ग्राम पंचायत इंटहा के एक बाग में एक दर्जन बंदरों की मौत की सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों के भी बयान दर्ज किए गए। पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।
Updated on:
08 Dec 2024 02:55 pm
Published on:
08 Dec 2024 02:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
