
यह फोटो पुलिस के ट्विटर अकाउंट से लिया गया है
बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र से बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। महंतपुरवा गांव के पास स्थित गन्ने के खेत में एक प्रेमी युगल के शव पेड़ों से लटके हुए मिले। मृतकों की पहचान गांव की अंजलि और सुंदर गौतम के रूप में हुई है। दोनों के शव लगभग सौ मीटर की दूरी पर दो अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले। मानो प्रेम की एक अधूरी कहानी खेतों की खामोशी में दफन हो गई हो।
बहराइच जिले के खैरी घाट थाना के गांव महंत पुरवा में गांव के रहने वाले अज्जू मिश्रा के खेत में जब सुबह लोग पहुंचे तो वहां का मंजर देख सन्न रह गए। गन्ने के खेत में लगे दो अलग-अलग पेड़ों से प्रेमी युगल के शव लटक रहे थे।
अंजलि की बुआ के मुताबिक, सबसे पहले सुंदर की मौत की सूचना मिली थी। और इसी सदमे में अंजलि ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन अंजलि का विवाह एक माह पूर्व माझा दरिया बुर्द गांव के मुन्ना नामक युवक से हुआ था। लेकिन शादी के बाद भी दोनों के बीच प्रेम प्रसंग का सिलसिला चलता रहा। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सूरज राणा ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पहुंच कर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच पड़ताल किया। दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ किया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक-युवती अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखते थे। जिससे उनके रिश्ते को सामाजिक स्वीकृति नहीं मिल सकी।
Updated on:
23 Jul 2025, 8:05 PM IST
Published on:
23 Jul 2025, 8:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.