
तकनीकी मापदंड को लेकर जानकारी लेते अधिकारी।
भटेरा रेलवे क्रॉसिंग में 1313 मीटर लंबा ओवर ब्रिज का निर्माण होगा। फारेस्ट नाका से बस स्टैंड तक सडक़ के दोनों ओर 5-5 फीट जगह छोड़ी जाएगी। इसकी डिजाइन के लिए रेलवे विभाग ने मसौदा तैयार किया है। इसी के साथ ही ओवर ब्रिज निर्माण के लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरु कर दी है।
बालाघाट. भटेरा रेलवे क्रॉसिंग में 1313 मीटर लंबा ओवर ब्रिज का निर्माण होगा। फारेस्ट नाका से बस स्टैंड तक सडक़ के दोनों ओर 5-5 फीट जगह छोड़ी जाएगी। इसकी डिजाइन के लिए रेलवे विभाग ने मसौदा तैयार किया है। इसी के साथ ही ओवर ब्रिज निर्माण के लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरु कर दी है। मंगलवार को रेलवे इंजीनियर, ब्रिज कॉर्पोरेशन के अधिकारियों, नगर पालिका अध्यक्ष ने अमले के साथ स्थल निरीक्षण किया। ओवर ब्रिज की लंबाई, ऊंचाई, चौड़ाई, सर्विस सडक़, छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन के लिए सर्विस सडक़ सहित अन्य विषयों पर चर्चा की। आरओबी के निर्माण के लिए अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
जानकारी के अनुसार भटेरा चौकी रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य करीब 70.60 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। 1313 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा ओवर ब्रिज होगा। जोकि बस स्टैंड से लेकर फारेस्ट नाका तक बनाया जाएगा। इसके निर्माण कार्य के लिए निविदा की प्रक्रिया भी जारी कर दी गई है। सर्वे के लिए पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि ओवरब्रिज के बांयी और दांयी ओर लगभग 5-5 मीटर की सर्विस सडक़ होगी। वहीं छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन के लिए अतिरिक्त 8 फीट ऊंचा रेवले अंडर ब्रिज बनाया जाएगा। इन दोनों ही कार्यों को करने में भटेरा चौकी मार्ग में अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। जिससे उक्त आरओबी की लागत भी बढ़ सकती है। जल्द से जल्द फाइनल ड्राईंग का कार्य पूरा कर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व भी भटेरा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर दो बार सर्वे हो चुका है। लेकिन 2 जुलाई को किया गया स्थल निरीक्षण को फाइनल सर्वे बताया जा रहा है।
भूमि अधिग्रहण पर मिलेगा मुआवजा
ओवर ब्रिज निर्माण कार्य के लिए अतिरिक्त भूमि भी लगेगी। जो कि अधिग्रहण की जाएगी। इसके लिए मुआवजे का प्रावधान भी किया गया है। शासन स्तर से भूमि अधिग्रहण के लिए करीब 20 करोड रुपए का मुआवजा राशि तय की गई है। इसी आधार पर विभागीय अधिकारियों ने मंगलवार को स्थल सर्वे किया। साथ ही निर्माण कार्य को लेकर आवश्यक विचार विमर्श भी किया।
तीन स्थानों पर बनाना है रेलवे ओवर ब्रिज
नगर के तीन रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है। जिसमें गोंदिया-सरेखा रेलवे क्रॉसिंग, भटेरा रेलवे क्रॉसिंग और गर्रा रेलवे क्रॉसिंग शामिल है। इसमें सरेखा रेलवे क्रॉसिंग में करीब 80 करोड़ रुपए की लागत से रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। वहीं बालाघाट-वारासिवनी मार्ग पर गर्रा रेलवे क्रॉसिंग में करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। अब बालाघाट-नैनपुर मार्ग पर भटेरा चौकी रेलवे क्रॉसिंग में करीब 70.60 करोड़ रुपए की लागत से ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। बताया जा रहा है कि ओवर ब्रिज का निर्माण होने से राहगीरों को आवागमन में सुविधा होगी। जिसकी व्यवस्था बनाने वैकल्पिक मार्ग की तलाश की जा रही है।
रेलवे क्रॉसिंग पर लगता है जाम
भटेरा रेलवे क्रॉसिंग में ट्रेनों के आवागमन के दौरान जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। जिसके कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अनेक बार जाम आधा से एक घंटे तक लगे रहता है। रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण होने से राहगीरों को इस समस्या से निजात मिल जाएगी।
इनका कहना है
भटेरा रेलवे क्रॉसिंग में ओवर ब्रिज निर्माण के लिए 2 जुलाई को फाइनल सर्वे किया गया है। 1313 मीटर लंबा ओवर ब्रिज होगा। जो कि 12 मीटर चौड़ा होगा। ओवर ब्रिज के दोनों ओर 5-5 मीटर सविस रोड होगी। निर्माण कार्य के लिए अतिरिक्त भूमि अधिग्रहित की जाएगी। जल्द ही फाइनल ड्राइंग बनाकर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
-अरविंद जड़े, प्रभारी रेलवे ओवरब्रिज टीम नागपुर
Published on:
02 Jul 2024 10:36 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
