
बालाघाट. किसानों की फसलों को कम दाम पर नहीं बिकने दिया जाएगा। किसानों के परिश्रम से पैदा किए गए कृषि उत्पाद को उचित दाम मिलेगा। यदि बाजार में किसानों की फसलोंं के दाम कम होंगे तो उसकी भरपाई प्रदेश सरकार करेगी। प्रदेश सरकार किसानों का नुकसान नहीं होने देगी बल्कि उनकी हर संभव मदद करेगी। चाहे प्राकृतिक आपदा का मामला हो या फिर कोई और अन्य कारण प्रदेश सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी रहेगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। सीएम शिवराज सिंह चौहान रविवार को बालाघाट जिले के वारासिवनी में आयोजित किसान सम्मेलन और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत किसानों को गेहूं व धान के समर्थन मूल्य पर प्रोत्साहन राशि के वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बालाघाट जिले के 72 हजार किसानों के बैंक खाते में बटन दबाकर 57 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। उन्होंने 419 करोड़ रुपए की लागत के 201 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने यह भी तय किया है कि यदि किसानों की फसल प्राकृतिक आपदा में 50 प्रतिशत से अधिक क्षतिग्रस्त हो जाती है तो उन्हें दी जाने वाली सहायता राशि 15 हजार रुपए प्रति हेक्टर से बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रति हेक्टर कर दी गई है। इसके अलावा ऐसे किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ भी दिया जाएगा। प्राकृतिक आपदा में किसानों को जितना नुकसान होगा उसकी भरपाई प्रदेश सरकार करेगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने तेंदूपत्ता श्रमिकों की मजदूरी दर 1250 रुपए प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर दो हजार रुपए प्रति मानक बोरा कर दी है। समर्थन मूल्य पर महुआ फूल की खरीदी की व्यवस्था भी की गई है। तेंदूपत्ता तोडऩे वाले श्रमिकों के कल्याण के लिए योजना बनाई गई है। जिसमें उन्हें जूते, चरण पादुका, पानी की कुप्पी और साड़ी प्रदान की जाएगी। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए बनाई गई योजना की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 36 प्रकार की विभिन्न श्रेणियों में काम करने वाले श्रमिकों के कल्याण के लिए योजना तैयार की है।
बाबा साहब आंबेडकर लोकसभा में पहुंचने से कांग्रेस ने रोका
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस द्वारा संविधान बचाओ यात्रा निकाल रही है। जबकि वर्ष १९७५ में कांगे्रस ने संविधान की धज्जियां उड़ाई थी। बाबा साहब आंबेडकर को लोकसभा में पहुंचने नहीं दिया था। मुंबई से चुनाव लड़े थे तो उनके खिलाफ पं. जवाहर लाल नेहरु ने प्रचार किया था। इसी तरह भंडारा के बाय इलेक्शन में भी बाबा साहब के खिलाफ चुनाव प्रचार करने के लिए पं.जवाहर लाल नेहरु पहुंचे थे। इस तरह से कांग्रेस ने घृणित कार्य किया है। इतना ही नहीं कांग्रेस ने बाबा साहब को भारत रत्न नहीं देने के लिए भी प्रयास किया था। संसद के सेंट्रल हाल में बाबा साहब का तैल चित्र नहीं लगने दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाने का कार्य कर रही है। इसके भ्रम में न आए। भाजपा सामामजिक समरसता और सभी के विकास को लेकर कार्य करने वाली पार्टी है। इसके अलावा उन्होंने अनेक बाते कही।
Published on:
15 Apr 2018 07:18 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
