
फोटो सोर्स- पत्रिका
बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 10वीं की एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 15 फरवरी की बताई जा रही है, लेकिन इसका खुलासा तीन दिन बाद हुआ, जब दर्द से परेशान छात्रा ने परीक्षा को लेकर अपनी भाभी से बात की।
परिजनों के मुताबिक, 14 वर्षीय छात्रा रविवार शाम घर से बाहर निकली थी। आरोप है कि गांव के छह युवकों ने उसे रास्ते में दबोच लिया और खेत की ओर ले जाकर दुष्कर्म किया। धमकी दी गई कि यदि किसी को बताया तो परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा और वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। भय के कारण छात्रा ने घटना को छिपाए रखा।
बुधवार रात जब उसने कहा कि वह अगले दिन बोर्ड परीक्षा कैसे दे पाएगी, तब भाभी को शक हुआ। शरीर पर चोट के निशान देख पूछताछ की गई तो छात्रा ने पूरी घटना बताई।
मामला सामने आते ही परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। गुरुवार सुबह जिले के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़िता से मुलाकात की।
एसपी ने बताया कि छात्रा द्वारा चार आरोपियों के नाम बताए गए हैं, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस टीमों को उनकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।
घटना के बावजूद छात्रा की 10वीं बोर्ड परीक्षा छूट न जाए, इसके लिए पुलिस सुरक्षा में उसे परीक्षा केंद्र भेजा गया। दो सिपाहियों को उसकी सुरक्षा में तैनात किया गया है। परीक्षा के बाद मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना गड़वार थाना क्षेत्र की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 28 किलोमीटर दूर है।
एसपी ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, नाबालिग छात्रा पुलिस सुरक्षा में है।
Updated on:
19 Feb 2026 05:45 pm
Published on:
19 Feb 2026 05:44 pm
बड़ी खबरें
View Allबलिया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
