12 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कौन थे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह जिनकी हुई सड़क हादसे में दर्दनाक मौत?

Rajnath Singh Relative Dies In Road Accident Ballia news: जानिए, कौन थे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के रिश्तेदार प्रभात सिंह जिनकी सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है।

3 min read
Google source verification
defence minister rajnath singh relative prabhat singh died in road accident know about him ballia

प्रतीकात्मक तस्वीर, Pc-Patrika

Rajnath Singh Relative Dies In Road Accident, Ballia News: मध्य प्रदेश के इंदौर में गुरुवार की देर रात को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने उत्तर प्रदेश के बलिया और दिल्ली तक के सियासी गलियारों झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह (29 वर्ष) की मौत हो गई।

हादसा उस वक्त हुआ जब प्रभात सिंह अपने कुछ साथियों के साथ देवास से इंदौर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे शिप्रा थाना इलाके में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रभात को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम प्रयासों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। शुक्रवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। जहां से अंतिम संस्कार के लिए शव को पैतृक निवास यूपी लाया जा रहा है।

इस दुखद खबर के सामने आने के बाद हर कोई यह जानना चाह रहा है कि प्रभात सिंह कौन थे और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनका क्या रिश्ता था?

कौन थे प्रभात सिंह?

फिलहाल जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक, प्रभात सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती क्षेत्र स्थित गायघाट गांव के रहने वाले थे। महज 29 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए प्रभात, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेहद करीबी पारिवारिक सदस्य थे। बताया जा रहा है कि वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे थे। बताया जा रहा है कि प्रभात सिंह के पिता प्रदीप सिंह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्ते में भाई लगते हैं। प्रभात सिंह दिल्ली में रहते थे और ठेकेदारी और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक शिप्रा क्षेत्र के पास किसी जरूरी काम के चलते उन्होंने सड़क किनारे अपनी कार रोक दी थी। कुछ देर बाद जब वह वापस वाहन की ओर बढ़ रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रभात सिंह कई फीट दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के तुरंत बाद उनके साथियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

रात में ही कराया गया पोस्टमार्टम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तत्काल आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। विशेष अनुमति लेकर रात करीब तीन बजे पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि पार्थिव शरीर को जल्द परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

एयर लिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया पार्थिव शरीर

शुक्रवार सुबह प्रभात सिंह के शव को विशेष विमान के जरिए एयर लिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। वहां से पार्थिव शरीर को उत्तर प्रदेश ले जाया जाएगा, जहां परिवार की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भाजपा नेताओं और अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी अरबिंदो अस्पताल पहुंचे। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की।

बस चालक फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। शिप्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बस की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

दुर्घटना के कारणों की भी होगी विस्तृत जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी भी विस्तृत जांच की जा रही है।