
10वीं की छात्रा के साथ दरिंदगी! नाबालिग को बहलाकर ले गया प्रेमी, वीडियो बनाकर दो युवकों ने किया गैंगरेप(photo-patrika)
CG Gang Rape Case: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में 10वीं की छात्रा के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार (1 मार्च) दोपहर करीब 2 बजे छात्रा को उसका नाबालिग क्लासमेट ट्यूशन के बहाने रजही डैम ले गया। वहां बहला-फुसलाकर उसने छात्रा से संबंध बनाए। सुनसान स्थान पर दोनों को देखकर दो युवकों की नीयत बिगड़ गई। उन्होंने चुपके से मोबाइल में आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
आरोपी वासुदेव विश्वकर्मा (21) और लोमन गोंड (28) ने वीडियो दिखाकर छात्रा को ब्लैकमेल किया। दोपहर 3 बजे से रात तक उसे डैम किनारे बैठाकर डराते-धमकाते रहे। इस दौरान छेड़छाड़ और मारपीट भी की गई। डरी-सहमी छात्रा की गुहार के बावजूद आरोपियों ने दरिंदगी जारी रखी। रात करीब 8:30 बजे दोनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया और फिर उसे जाने दिया।
दोपहर में ट्यूशन के लिए निकली छात्रा शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। ट्यूशन क्लास और सहेलियों के घर पूछताछ के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम गार्डन के पास छात्रा की स्कूटी संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। परिजन तत्काल थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच रात करीब 9:30 बजे छात्रा घर लौट आई। उसने मां को पूरी घटना बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसी रात एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की।
इस मामले में दल्लीराजहरा सीएसपी विकास पाटले और टीआई संतोष भुआर्य ने बताया कि, मामले में बीएनएस की धारा 147/2, 127, 62, 49 और पाक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, बहला-फुसलाकर डैम ले जाकर दुष्कर्म करने वाले नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। वहीं डैम में वीडियो बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल करने वाले दो अन्य आरोपियों को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Updated on:
03 Mar 2026 02:29 pm
Published on:
03 Mar 2026 02:29 pm
