
जिले में अर्जुंदा को तहसील बनाने की घोषणा के बाद सनौद उप तहसील का मामला लटका
बालोद @ patrika. शनिवार को जिले के अर्जुंदा में आयोजित जिला स्तरीय प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अर्जुंदा को तहसील बनाने की घोषणा कर बड़ी सौगात दी है और इस ओर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। @ patrika. इधर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सितंबर 2018 को विकास यात्रा में गुरुर ब्लॉक के ग्राम सनौद को उप तहसील बनाने की घोषणा की थी। यह घोषणा धरी की धरी रह गई और आज भी क्षेत्र के लोग राजस्व काम के लिए गुरुर तहसील कार्यालय में आते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद शासन स्तर पर अब तक कोई पहल नहीं हुई है।
अर्जुंदा सामुदायिक भवन में संचालित होगा तहसील
मिली जानकारी के मुताबिक अर्जुंदा तहसील कार्यालय का संचालन वर्तमान में वैकल्पिक तौर पर सामुदायिक भवन में किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के बाद अब प्रशासनिक अधिकारी भी गुंडरदेही तहसील कार्यालय के नक्शे से अर्जुंदा तहसील के गांवों की संख्या तय करने में जुट गए हैं।
64 गांव आएंगे अर्जुंदा तहसील में
जानकारी के मुताबिक 64 गांवों को मिलाकर अर्जुंदा को तहसील बनाया जाएगा। तहसील में प्रारंभिक प्रक्रिया में लगभग 4 लाख की जनसंख्या रहेगी। अर्जुंदा को गुंडरदेही विकासखंड के उप तहसील का भी दर्जा मिला पर यहां कुछ ही दिन कार्यालय लगा। उसके बाद उप तहसील की कार्रवाई भगवान भरोसे हो गई। यहां के लोगों को गुंडरदेही तहसील कार्यालय पर ही निर्भर होना पड़ा था।
सरकार बदलते ही मामला लटक गया
इधर गुरुर ब्लॉक के सनौद को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने उप तहसील बनाने की घोषणा की थी। घोषणा के बाद न आदेश आया और न प्रशासनिक स्तर पर कोई तैयारी हुई। सरकार बदलने के बाद इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
30 ग्राम पंचायत के 41 गांवों को मिलाकर बनाया जाना था उप तहसील
एसडीएम हरेश मंडावी के मुताबिक ग्राम सनौद को उपतहसील बनाने के लिए उनके आसपास के 30 ग्राम पंचायत के 41 गांव को शामिल कर रहे हैं। जिससे इस उप तहसील के अंतर्गत कुल 60 हजार 667 जनसंख्या होगी। यह आंकड़े 2004 के मुताबिक हैं।
विभिन्न सुविधाओं को देखते हुए की गई थी घोषणा
जानकारी के मुताबिक ग्राम सनौद को उप तहसील बनाने के लिए यहा स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क का भी ध्यान रखा गया था। यहां एक शासकीय स्वास्थ्य केंद्र, एक शासकीय व एक निजी कॉलेज सहित 9 उच्च माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। यह योजना सिर्फ कागजों में ही बनी हकीकत में नहीं।
तहसील कार्यालय का किया जाएगा संचालन
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस क्षेत्र में अर्जुंदा को तहसील बनाने की वर्षों की मांग पूरी की है। जल्द ही यहां सेटअप तैयार कर तहसील कार्यालय का संचालन किया जाएगा। तहसील कार्यालय बनने से लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सेटअप के लिए कोई आदेश नहीं
गुरुर एसडीएम हरेश मंडावी ने कहा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गुरुर ब्लॉक के ग्राम सनौद को उप तहसील बनाने की घोषणा की थी। उपतहसील का पूरा नक्शा तैयार कर लिया है। शासन स्तर पर अभी तक कोई पत्र व सेटअप के लिए कोई आदेश नहीं आया। शासन से आदेश आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
08 Jul 2019 08:07 am
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
