
पांचवीं के प्रश्न-पत्र का कागज घटिया (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG News: बालोद जिले में कक्षा पांचवीं व आठवीं की परीक्षा बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर शिक्षा विभाग आयोजित कर रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि परीक्षार्थियों को दिए जाने वाले प्रश्न व उत्तरपुस्तिका स्तरहीन है। परीक्षार्थियों को जो पर्चा दिया जा रहा है, उसी में ही प्रश्न है और उसी में ही उत्तर लिखना है।
गणित विषय के पेपर में परीक्षार्थियों को रफ कार्य करने के लिए भी जगह नहीं दी गई। परीक्षार्थी सहित शिक्षक संगठन भी परीक्षा के आयोजन को परीक्षार्थियों के साथ मजाक बताया है। परीक्षा को परीक्षा की तरह आयोजित करना चाहिए। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने कोई जवाब नहीं दिया।
शालेय शिक्षक संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी और बालोद जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने कहा कि केंद्रीयकृत 5 वीं बोर्ड परीक्षा लेने के नाम पर परीक्षार्थियों को जो प्रश्न पत्र दिया गया था, वह अत्यंत स्तरहीन था। केवल प्रश्न पत्र रहता तो चल भी जाता, लेकिन परेशानियां तो तब हुई, जब इस रफ कॉपी से भी गए बीते पेपर पर उत्तर भी लिखना था। 5वीं के बच्चों ने बताया कि कॉपियां लिखते लिखते फट गई है।
लिखने से दूसरी तरफ स्याही दिख रही थी, जिससे अन्य प्रश्न उत्तर पढऩे में दिक्कत हो रही थी। शालेय शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ ने कहा कि इस गुणवत्ताविहीन पेपर की क्वालिटी को लेकर अवश्य जांच होनी चाहिए और दोषी के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को गणित का प्रश्न हल करने लायक उत्तर की पर्याप्त जगह का अभाव था। रफ कार्य के लिए भी कोई जगह नहीं दी गई थी, जो कि उचित नहीं है। प्रश्न पत्र की क्वालिटी पर अवश्य ध्यान देना चाहिए। उत्तर लिखने के लिए पर्याप्त जगह भी दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय केंद्रीकृत प्राथमिक परीक्षा 2026में पर्यवेक्षक हस्ताक्षर के लिए कोई स्थान नहीं है। बच्चों के उत्तर लिखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। बच्चे चाहकर भी सिस्टमेटिकली गणित हल नहीं कर पाए, बच्चों के साथ नाइंसाफी है। प्रश्नपत्र निर्माण में ब्लू प्रिंट औचित्यहीन है। कभी इस परीक्षा को केंद्रीकृत प्राथमिक परीक्षा, कभी प्राथमिक पात्रता परीक्षा, कभी प्राथमिक प्रमाण पत्र परीक्षा अलग-अलग नाम से संबोधन किया। उत्तर पुस्तिका पैकिंग में भी विभिन्न दिशा-निर्देश दिए। कुल मिलाकर विभाग मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता वर्ष में बजट अनुरूप कार्य करने में असफल रहा है।
Updated on:
18 Mar 2026 05:21 pm
Published on:
18 Mar 2026 05:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
