
धान में नमी होने पर नहीं हो रही खरीदी, किसान अपनी उपज खरीदी केंद्रों में ही सुखाने मजबूर, प्रभारी भी परेशान
बालोद. जिले में धान की कटाई में इन दिनों काफी तेजी आई है। वहीं धान की कटाई व मिजाई के बाद किसान ऑनलाइन टोकन कटाकर खेतों से सीधे धान को खरीदी केंद्रों में ला रहे हैं। ज़ब धान की नमी मापक यंत्र में नापी जाती है तो नमी का प्रतिशत 20 से अधिक बता रहा है जबकि खरीदी केंद्रों में नमी का प्रतिशत 17 से नीचे रहने पर ही धान खरीदी की जाएगी। जिले भर के लगभग हर खरीदी केंद्रों में यह शिकायत आ रही है। जिले भर में रोजना सौ से अधिक किसानों के धान रिजेक्ट यानी अमानक पाए जा रहे हैं। इस वजह से धान को खरीदी केंद्रों में ही सुखाया जा रहा है।
किसानों से जल्दबाजी में धान न बेचने की अपील
जिले भर के धान खरीदी केंद्रों के प्रभारी किसानों से अपील भी कर रहे हैं कि धान बेचने में किसान जल्दबाजी न करें। सभी किसानों के धान की खरीदी की जाएगी लेकिन किसान अपने धान को साफ सुथरा व सुखाकर लाएं।
किसान के साथ खरीदी केंद्र प्रभारी भी परेशान
मिली जानकारी के मुताबिक कई किसान अपने धान को जल्दबाजी में खरीदी केंद्र ला रहे है। जब धान अमानक पाया जाता है तब किसान भी परेशान रहते है व समिति प्रबंधक व खरीदी केंद्र प्रभारी भी परेशान हो रहे हैं।
धान खरीदी केंद्रों में सूखा रहे हैंं धान
जिले के सेवा सहकारी समिति पोंडी सहित अन्य धान खरीदी केंद्रों में भी कई किसान धान को बिना सुखाए ही ला रहे हैं। सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक तोशक लाल शारधा व समिति के अध्यक्ष द्रोणाचार्य साहू ने किसानों से अपील की है किसान धान को साफ सुथरा व सुखाकर ही लाएं। ताकि किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो। दरअसल इस खरीदी केंद्र में भी रोजाना दो से तीन किसान बिना सूखाए ही धान को ला रहे हैं। इन किसानों के धान को पोंडी सेवा सहकारी समिति में ही सुखाया गया है। समिति प्रबंधक ने साफ कहा है कि अमानक धान की खरीदी नहीं की जाएगी।
दिसंबर माह में बढ़ेगी धान की आवक
जिले भर के सभी 143 धान खरीदी केंद्रों में धान की आवक बढ़ गई है लेकिन दिसंबर माह में धान की आवक और ज्यादा होगी क्योंकि 31 जनवरी तक ही धान की खरीदी की जाएगी। जबकि अभी मात्र 29 हजार के करीब किसानों ने धान बेचा है। अभी भी लगभग एक लाख दस हजार से अधिक किसान धान बेचेंगे।
लगातार निरीक्षण कर रहे हैं नोडल अधिकारी व उडऩदस्ता की टीम
जिले भर के धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी की स्थिति क्या है, किसान धान किस प्रकार ला रहे हैं। किस प्रकार खरीदी की जा रही है। इसकी लगातार निगरानी भी की जा रही है। इसके लिए नोडल अधिकारी की टीम भी लगातार खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रही है। वहीं नोडल अधिकारी कुसुम ठाकुर ने कहा धान खरीदी केंद्रों में नियम के तहत धान की खरीदी की जा रही है। हमारी टीम द्वारा लगातार निरीक्षण कर रही है। किसान भी साफ सुथरा धान खरीदी केंद्रों में लाएं।
Published on:
25 Nov 2023 11:24 pm
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
