
बालोद/गुंडरदेही. आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जोन, सेक्टर एवं बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों को प्रशिक्षित कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी जीत की रणनीति तैयार कर रही है। इसके तहत शुक्रवार को गुंडरदेही विधानसभा में संकल्प शिविर का आयोजन बाजार चौक में किया गया। जहां कांग्रेस के छतीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा प्रदेश की 90 सीटों पर जीत दर्ज कराने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच की दीवार खत्म होनी चाहिए।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनानी : पुनिया
जिला कांग्रेस बालोद के अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में हुए प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के बीच वरिष्ठों ने विचार रखे। संकल्प शिविर में राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छतीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने दो टूक कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनानी है।
निगम मंडलों में और संगठन के जिम्मेदार पदों में योग्यता अनुसार स्थान दिया जाएगा। हमारा लक्ष्य विधानसभा की 90 सीटों पर जीत दर्ज करना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के मंशानुरूप नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच की दीवार खत्म होनी चाहिए।
एक-एक बूथ पर कार्यकर्ता लड़ेगा तभी पार्टी की होगी जीत
पुनिया ने कांग्रेसियों को एकजुट होकर काम करने की सीख दी। आगे कहा एक-एक बूथ जीतकर ही विधानसभा सीट जीतेंगे। जब हमारा एक-एक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर लड़ाई लड़ेगा तो पार्टी को आगे ले जाने से कोई नहीं रोक सकता। कांग्रेस का कार्यकर्ता शेर का बच्चा है वो किसी से नहीं डरता।
भाजपा सरकार के खिलाफ डटकर मुकाबला करेगा। पुनिया ने कहा बालोद जिले की तीनों विधानसभा जिला कांग्रेस कमेटी, बालोद के अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। आप सभी संगठन को मजबूत करने उनका साथ दें क्योंकि इस बार चुनाव उम्मीदवार नहीं संगठन लड़ेगा। पुनिया ने जिला कांग्रेस के कार्यों की जमकर प्रशंसा की।
उम्मीदरवार कोई भी हो लक्ष्य केवल पार्टी की जीत
संकल्प शिविर में बूथ प्रबंधन पर सुरेन्द्र शर्मा ने बताया राहुल गांधी की मंशानुरूप मंच खाली है। इसे आपका इंतजार है। ये मंच आपकी नेतृत्व छमता के आधार पर आपको मिलना है। आपको बूथ पर अथक मेहनत करना है, आपको यह नहीं देखना है कि उम्मीदवार कौन है आपको सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस और पंजा छाप को ध्यान में रखकर मेहनत करनी है। इस बार बूथ का कार्यकर्ता ही नेता होगा। समय बदलाव का है। कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है बूथ की जीत से ही विधानसभा, लोकसभा जीतकर राज्य और केंद्र में सरकार बनाएंगे।
भाजपा करती है बाहुबल, धनबल और जनबल का उपयोग
करुणा शुक्ला ने बताया चुनाव में बाहुबल, धनबल और जनबल का उपयोग होता है और भाजपा इन तीनों बलों का उपयोग करती है, पर कांग्रेस सिर्फ और सिर्फ जनबल पर विश्वास करती है। उन्होंने कहा भाजपा लोकतंत्र का माखौल उड़ा रही है। मोदी सिर्फ मार्केटिंग में व्यस्त हैं भाजपा आक्रोश की राजनीति कर रही है।
झूठ का लबादा ओढ़े हुए है। झूठ-झूठ और सिर्फ झूठ के आधार पर आपका विश्वास एक बार तो हासिल कर लिए हैं, पर इस बार देश की जनता आपकी असलियत जान चुकी है। भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का फर्क है।
जनता से छल कर रही है भाजपा
प्रदेश कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके ने कहा जब से भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में बनी है किसान, मजदूर, व्यापारी सब परेशान हैं। चुनाव के पूर्व अधिकांश लोगों का राशन कार्ड बनवाया, परंतु चुनाव जीतने के बाद लाखों राशन कार्ड निरस्त कर दिए। आदिवासियों को ठगने का काम कर रही है। वहीं फूलोदेवी नेताम ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। आएदिन महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अनाचार हो रहा है।
Published on:
05 May 2018 11:30 am
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
