
बिना मुआवजा खेत में बनवा दी गई सड़क, किसान हैरान
बालोद @ patrika . जिले के पीडब्ल्यूडी गुंडरदेही विभाग की बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। यहां विभाग ने ऐसा कारनामा किया है जिसे देख व सुनकर हर वर्ग दंग रह जाएगा। यहां विभाग ने किसानों की जमीन बिना अधिग्रहण किए ही खेत में सड़क निर्माण का काम शुरू करवा दिया है। किसान जब खेत पहुंचे तो देखकर दंग रह गए कि बिना सूचना के यहां काम शुरू करवा दिया गया है।
किसानों में नाराजगी
पीडब्ल्यूडी विभाग की इस मनमानी के खिलाफ किसानों में नाराजगी है। इसकी गूंज कलक्टोरेट तक पहुंच गई है। ग्रामीणों ने कलक्टर को पत्र सौंपकर मामले की जांच कर जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग की है। @ patrika . मामले को लेकर गुण्डरदेही एसडीएम ने भी कहा है कि अगर किसानों की जमीन पर सड़क बन रही है तो पहले जमीन का अधिग्रहण किया जाना चाहिए। उन्होंने मामले की जांच करवाने की बात कही है।
13 करोड़ की लागत से बन रही 10 किमी की सड़क
जानकारी के मुताबिक ग्राम बटरेल, कुथरेल, भाठागांव(आर) और परसाही तक 10 किमी की सड़क चौड़ीकरण का कार्य हो रहा है, जिसके लिए चार गांवों के लगभग 40 से अधिक किसानों की भी जमीन आ रही है। पर ग्रामीण होरी लाल ठाकुर, शिशुपाल ने बताया पीडब्ल्यूडी विभाग ने जब सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू किया तो किसी भी जमीन मालिक को जानकारी नहीं दी और बिना अनुमति के ही खेत में मिट्टी-मुरुम डालवा दिए। जब किसानों ने मुआवजे की बात कही तो पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने साफ कह दिया कि इस कार्य में मुआवजे का कोई प्रावधान नहीं है।
सवाल पर विभाग के अधिकारी मौन, फोन तक नहीं करते रिसीव
@ patrika . जब किसानों ने मामले पर गुंडरदेही पीडब्ल्यूडी एसडीओ से चर्चा के लिए मुलाकात की तो वे कुछ भी जवाब नहीं दिया। यही नहीं पीडब्ल्यूडी के एसडीओ एसएन नाथ के मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई पर वे फोन रिसिव नहीं किए। यही हाल पीडब्ल्यूडी के ईई एमएल उइके का भी रहा। वे जमीन मालिकों के साथ भी ऐसा ही व्यवहार करते हैं।
किसानों ने कहा- हमारी जमीन ले रहे हो तो देना पड़ेगा मुआवजा
किसान लोकेश यदु ने कहा ग्राम परसाही के ही लगभग 24 किसानों की जमीन इस सड़क चौड़ीकरण में आ रही है। मिट्टी व मुरुम बिछ जाने के कारण पटवारी को खेत नापने में मुश्किल हो रही है। किस किसान की कितनी खेती जमीन इस चौड़ीकरण में आ रही है यह भी पता नहीं है। इसलिए परेशान किसान कलक्टोरेट आकर अधिकारियों से साफ कहा सड़क अपनी जमीन पर बन रही है तो जमीन का मुआवजा भी देना होगा।
रौना से देवगहन तक बनाई सड़क में भी किसानों को मिला धोखा
ज्ञात रहे कि गुंडरदेही ब्लॉक के ही ग्राम रौना से देवगहन तक बनाई गई सड़क के लिए ऐसे ही पीडब्ल्यूडी विभाग से किसानों को धोखा मिला है। पुल और सड़क तैयार हुए सालभर हो गए, पर अब तक उनकी जमीन का मुआवजा नहीं मिला पाया है। इससे वे ठगे से महसूस कर रहे हैं। परेशान किसानों ने हाल में क्षेत्र के विधायक को ज्ञापन सौंपकर उनकी जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
मुआवजे का प्रावधान है तो मिलेगा
गुंडरदेही एसडीएम आरएस ठाकुर ने कहा किसानों की जमीन पर अगर सड़क बन रही है, तो इस मामले को दिखवाता हूं। अगर मुआवजे का प्रावधान है तो किसानों को मुआवजा भी मिलेगा।
Published on:
05 Feb 2019 08:15 am
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
