19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गणेश चतुर्थी: स्वयंभू गणेश के दर पर सच्चे मन से प्रार्थना करने वालों की होती हैं मुरादें पूरी

बालोद जिला मुख्यालय ऐसा प्राचीन गणेश मंदिर है, जहां दर्शन मात्र से लोगों की सूनी गोद भर जाती है। मरारपारा (गणेश वार्ड) में जमीन के भीतर से प्रगट हुए स्वयंभू गणेश मंदिर में नि:संतान महिलाएं बच्चे की आस लेकर आती हैं।

2 min read
Google source verification
11 दिन तक भक्तों की लगी रहती है कतार, सुबह- शाम होगी विशेष पूजा

स्वयंभू गणेश

बालोद. जिला मुख्यालय ऐसा प्राचीन गणेश मंदिर है, जहां दर्शन मात्र से लोगों की सूनी गोद भर जाती है। मरारपारा (गणेश वार्ड) में जमीन के भीतर से प्रगट हुए स्वयंभू गणेश मंदिर में नि:संतान महिलाएं बच्चे की आस लेकर आती हैं। मान्यता है कि यहां भगवान गणेश सच्चे मन से प्रार्थना करने वाली नि:संतान दंपती को संतान का सुख देते हैं। यही कारण है कि गणेश चतुर्थी के अलावा सालभर भक्तों का यहां तांता लगा रहता है। सबसे पहले दो लोगों ने मूर्ति स्थापित कर पूजा की शुरुआत की। इसके बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। गणेश चतुर्थी के 11 दिनों के अलावा बप्पा के वार बुधवार को भी महाआरती होती है। इस साल भी भगवान गणेश की गणेश चुतर्थी पर विशेष पूजा सुबह-शाम की जाएगी।

लगभग सौ साल पहले प्रगट हुए थे गणेश
मंदिर के सदस्य व पार्षद सुनील जैन ने बताया कि लगभग 100 साल पहले जमीन के भीतर से भगवान गणेश प्रगट हुए। सबसे पहले स्व. सुल्तानमल बाफना और भोमराज श्रीमाल की नजर पड़ी। पहले बाफना परिवार के किसी सदस्य के सपने में बप्पा आए थे। इसके बाद दोनों व्यक्तियों ने स्वयं-भू गणपति के चारों ओर टीन शेड लगाकर एक छोटा-सा मंदिर बनाया था। इसके बाद लोगों की आस्था बढ़ती गई और मंदिर का विस्तार होता गया। इन दोनों के निधन के बाद से उनका परिवार व मोरिया मंडल परिवार पूजा-अर्चना कर रहा है।

अभी भी जमीन के अंदर है मूर्ति का कुछ हिस्सा
स्वयं-भू श्री गणेश के घुटने तक का कुछ हिस्सा अभी भी जमीन के भीतर है। लोग बताते हैं कि पहले गणेश का आकार छोटा था, लेकिन धीरे-धीरे बढ़ता गया। आज बप्पा विशाल स्वरूप में हैं। गणपति का आकार लगातार बढ़ता देख भक्तों ने वहां पर मंदिर बनाया है। मंदिर में दूरदराज के लोग अपनी मनोकामना लेकर आते हैं।

युवाओं की टोली का दिया मोरिया मंडल परिवार नाम
इस मंदिर से 2006 से महिला, पुरुष व युवक-युवतियों की टोली बनी, जिसे मोरिया मंडल परिवार नाम दिया गया। मंडल के सदस्यों के साथ लोग भी गणेश की सेवा व पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर समिति में लगभग 100 सदस्य प्रमुख हैं। मंदिर से जुड़े और भी लोग हैं, जो गणेश चतुर्थी के अलावा अन्य प्रमुख पर्व पर महाप्रसादी, हर बुधवार को महाआरती का आयोजन करते हैं। इस गणेश चतुर्थी भी यहां विविध धार्मिक आयोजन होंगे।

गणेश प्रसादम में भरपेट भोजन की व्यवस्था
गणेश मंदिर परिसर में ही स्वर्गीय सुल्तानमल सजना बाई चैरिटेबल ट्रस्ट गणेश प्रसादम का भी संचालन कर रहा है। यहां रोज सिर्फ सेवा शुल्क में सैकड़ों लोग भरपेट भोजन करते हैं। लगातार इस गणेश मंदिर की प्रसिद्धि बढ़ती जा रही है।