
डीजे
बालोद. रनचिरई थाना अंतर्गत ग्राम कलंगपुर में डीजे साउंड सर्विस चलाने वाले कुंदन साहू व खेमचंद ने बारात परघनी में गौरा-गौरी गाना नहीं बजाया तो बारात में नाच रहे डेविड ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। उनके डीजे सेटअप को लात मार दिया। खेमराज को गंभीर हालात में गुंडरदेही अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रविवार रात्रि आठ बजे की है। प्रार्थी खलारी निवासी खेमचंद ने बताया कि उनका स्वयं का टेंट हाउस, डीजे साउंड सर्विस का काम है। रविवार को नेमीचंद का लड़का पुरानिक निषाद अपनी बहन की शादी में डीजे साउंड बजाने डीजे लगाया था।
दल्लीराजहरा से कलंगपुर आई थी बारात
दल्लीराजहरा से ग्राम कलंगपुर बारात आई थी। बाराती स्वागत में डीजे साउंड से परघनी स्वागत कर नाचते गाते आ रहे थे। नेमी निषाद के घर के सामने रात्रि 8 बजे पहुंचे थे। उसी समय डेविड ठाकुर ने गौरी गौरा साउंड बजाने कहा। दूल्हा पक्ष ने गौरी गौरा जसगीत बजाने से मना किया था। गौरी गौरा बजाने से दूल्हे को देव चढ़ जाता है। इसलिए बजाने से मना किया था। मना करने पर डेविड ठाकुर डीजे वाहन में चढ़कर डीजे साउंड सिस्टम को लात से मारकर तोड़ कर आर्थिक नुकसान किया। मेरे साथी कुंदन लाल साहू की पीठ पर लगातार चार जगह चाकू से हमला कर दिया। मैंने बीच बचाव किया तो सिर में हल्का चोट आई।
मामले की जांच जारी
रनचिरई थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घायल कुंदन का स्वास्थ्य पहले से ठीक है। इलाज जारी है। आरोपी डेविड के खिलाफ धारा 294, 323, 324 व 427 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, बाइक चालक पर जुर्म दर्ज
बालोद. बीते माह घीना के पास सड़क दुर्घटना में देवकी बाई पति झाड़ूराम साहू (70) साकिन जरवाय की मौत हो गई थी। जांच के बाद पुलिस ने मोटर साइकिल चालक के खिलाफ धारा 304ए, 279 का मामला दर्ज किया है। परिजनों और चश्मदीदों का बयान लिया। पुलिस ने जांच में पाया कि घटना 21 अप्रैल को देवकी बाई अपने पुत्र राजेन्द्र कुमार साहू के साथ मोटर साइकिल बजाज क्रमांक सीजी 07 एके 7321 में अपने गृह ग्राम जरवाय से ग्राम फरदडीह शादी के कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। शाम के समय फरदडीह से घर लौट रही थी। करीब 5:30 बजे शाम को ग्राम घीना और कसहीकला के बीच पहुंचे थे, उसी समय सामने से आ रहे वाहन सीजी 07 बीजेड 7054 का चालक ने लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए टक्कर मार दी। गंभीर घायल देवकी बाई के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें शासकीय अस्पताल अर्जुंदा ले गए। जहां प्रारम्भिक इलाज के दौरान देवकी बाई की मृत्यु हो गई है।
Published on:
16 May 2022 10:57 pm
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
