
बालोद. जिले में मंगलवार को बोनस तिहार में ऐतिहासिक भीड़ के साथ सीएम डॉ.रमन सिंह ने डिजिटल पद्धति से बटन दबाकर जिले के 92 हजार 615 किसानों के खातों में 133 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। गुण्डरदेही ब्लॉक मुख्यालय में बोनस तिहार कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि बोनस की घोषणा नहीं की थी तो ट्यूब लाइट जैसे चमक थी कांग्रेस पार्टी में, पर जैसे ही बोनस की घोषणा की कांग्रेस की चमक और लाइट फ्यूज हो गई। किसानों के खाते में बोनस की राशि डाल दी गई है और अब बोनस तिहार के साथ देवारी तिहार भी इस बोनस की राशि के साथ मनाएंगे। किसानों को चिंता करने की चिंता करने की जरुरत नहीं उनके सुख-दु:ख में हमेशा भाजपा की यह सरकार तत्पर है।
बोनस तिहार हे.... जैसे नारे लगाए
मुख्यमंत्री नें जैसे ही बटन दबाया उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं और किसानों ने तिहार हे तिहार हे.. बोनस के तिहार हे... के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि जब बालोद को जिला बनाया तो कई लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया था। आज जिला बनाने के बाद तेजी से बालोद का विकास हो रहा है।
सूखे का लाभ किसानों को दिया जाएगा
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो कभी किसानों को बोनस नहीं दिया न ही किसानों की सुध ली थी। पर अब भाजपा की सरकार में किसानो को चिंता करने की जरूरत नहीं है। इस बार अल्प वर्षा के कारण कई जगह सूखे की स्थिति है जिसे देखते हुए जिले के चार ब्लाक को सुखा घोषित किया गया है। जिन किसानों की फसल खराब है उनकी सर्वे करने के निर्देश भी कलक्टर को दिए हैं उन्हें आरबीसी 6/4 के तहत लाभ दिया जाएगा।
विधायक राजेंद्र राय भी मंचस्थ थे
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब इस कार्यक्रम में गुंडरदेही विधायक राजेन्द्र राय आ सकते हंै तो कांग्रेस क्यों नहीं आ सकती। यह किसानों का त्योहार है सभी को साथ आकर बोनस का वितरण करना चाहिए था। उन्होंने मंच से ही राय की तारीफ की और कहा कि वे अन्य पार्टी में है तो क्या हुआ। यहां के विधायक तो है और बोनस का लाभ उनके क्षेत्र के किसानों भाइयों को भी मिल रहा है। राय ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सरकार की योजनाओं वाले कार्यक्रम में शामिल होकर अच्छा संदेश दिया है।
राय की उपस्थिति पर राजनीतिक चर्चा
सत्ताधारी पार्टी भाजपा के कार्यक्रम में विपक्षी विधायक और जोगी के कट्टर समर्थक आरके राय की उपस्थिति के कई मायने राजनीतिक पंडि़त निकाल रहे हैं। कुछ उन्हें छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रतिनिधि के तौर पर उपस्थिति की चर्चा कर रहें तो कुछ और। वहीं कुछ राजनीति समीक्षक उनकी उपस्थिति को आगामी विस चुनाव में जनता कांग्रेस और भाजपा की गठबंधन की कड़ी के रूप में भी देख रहे हैं। फिलहाल उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थिति देकर जोगी कांग्रेस के धूर विरोधी पीसीसी चीफ सहित कांग्रेस पार्टी में कुछ दिनों के हलचल पैदा कर दी है।
ढाई हजार पेड़ कटने से बचे
उन्होंने कहा कि महिलाएं पहले लकड़ी और कंडे से चूल्हा जलाकर खाना बनाती थी जिन्हें देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को गैस चूल्हा देने की घोषणा की। अब प्राय: सभी घरों में गैस चूल्हा हो गया है। इस पहल से इस साल लगभग ढाई हजार पेड़ कटने से बच गए।महिला बाल विकास मंत्री रमशीला साहू ने भी शासन की योजनाओं के बारे में उपस्थित लोगों को बताया। कार्यक्रम को सांसद विक्रम उसेंडी, गुण्डरदेही विधायक राजेन्द्र राय पूर्व विधायक विरेंद्र साहू ने भी संबोधित किए।
पंडाल के बाहर भी भीड़
बोनस तिहार में शामिल होने जिलेभर के किसान कार्यक्रम में पहुंचे थे। जो समय से पहले पहुंचे गए वे कार्यक्रम स्थल में पंडाल के भीतर थे वहीं दरे से पहुंचने वालों लोगों को बाहर से ही सीएम का भाषण सुनना पड़ा। हमारे बालोद सवंाददाता ने बताया कि कार्यक्रम स्थल में जितनी भीड़ थी उससे ज्यादा भीड़ बाहर थी। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ी। सीएम ने कहा कि वे कई बार बालोद आए है पर किसानों की इतनी ज्यादा भीड़ कभी नहीं देखी। कार्यक्रम में लगभग 30 हजार लोगों की भीड़ थी।
Published on:
10 Oct 2017 08:02 pm
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
