
कूलर में पानी भरते समय लगा करंट (Photo AI)
CG News: बालोद जिले के डौंडीलोहारा क्षेत्र के ग्राम तूरमुड़ा में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक नवविवाहित युवक गजेन्द्र साहू (32) साल की करंट लगने से मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच हुई। गजेन्द्र का विवाह एक दिन पहले ही हुआ था और वह शादी के अगले दिन अपनी जान गंवा बैठा। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गई हैं।
पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय गजेन्द्र साहू अपने घर में लगे कूलर में पानी भर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। परिजनों ने बिना देरी किए उसे तुरंत उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कूलर का बटन बंद था, लेकिन उसका तार स्विच बोर्ड में लगा हुआ था और बिजली की आपूर्ति चालू थी।
पानी भरते समय ही करंट प्रवाहित होने से यह हादसा हुआ। मंगचुआ थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में जीरो में मर्ग कायम कर केस डायरी संबंधित थाना क्षेत्र को भेजी जा रही है।
बालोद जिले के ग्राम जमरुवा में सोमवार रात शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी मां कुमारी बाई (55) और पिता गणेश राम (60) पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें संजीवनी 108 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी बेटे प्रमोद (32) को गिरफ्तार कर लिया है।
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि आरोपी प्रमोद ने पुलिस को बताया कि उसने हमला इसलिए किया, क्योंकि उसके पिता ने उसकी पत्नी के बारे में गलत कहने वाले व्यक्ति का पक्ष लिया था। यह पूरा मामला गांव में एक शादी समारोह से शुरू हुआ। शादी में प्रमोद की पत्नी के बारे में किसी ने अपमानजनक शब्द कहे, जिस पर प्रमोद वाद-विवाद करने लगा। उसके पिता गणेश राम ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
शादी से लौटने के बाद प्रमोद गुस्से में और शराब के नशे में पिता के घर आया। उसने गणेश राम से पत्नी का पक्ष क्यों लेने पर वाद-विवाद किया और अपनी मां कुमारी बाई को थप्पड़ मारा। इसके बाद प्रमोद ने पूजा कक्ष से तलवार निकाली। उसने पहले मां के सिर पर वार किया और फिर पिता गणेश राम पर हमला किया। हमला कर प्रमोद मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Updated on:
06 May 2026 02:10 pm
Published on:
06 May 2026 02:10 pm
