11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सावधान! सड़क किनारे गुपचुप खाना पड़ा भारी, छत्तीसगढ़ में एक साथ 25 लोग हुए फूड पॉयजनिंग का शिकार

Pani Puri Food Poisoning: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सड़क किनारे ठेले पर गुपचुप खाना लोगों को भारी पड़ गया। गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

2 min read
Google source verification
सावधान! सड़क किनारे गुपचुप खाना पड़ा भारी, छत्तीसगढ़ में एक साथ 25 लोग हुए फूड पॉयजनिंग का शिकार(photo-AI)

सावधान! सड़क किनारे गुपचुप खाना पड़ा भारी, छत्तीसगढ़ में एक साथ 25 लोग हुए फूड पॉयजनिंग का शिकार(photo-AI)

Pani Puri Food Poisoning: सड़क किनारे मिलने वाले चाट-गुपचुप का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है, लेकिन कई बार यही स्वाद सेहत पर भारी पड़ जाता है। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां ठेले पर गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।

Pani Puri Food Poisoning: गुपचुप खाने के कुछ घंटे बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रेड़ा गांव का है। यहां गांव में लगे एक ठेले पर लोगों ने गुपचुप खाया था। गुपचुप खाने के कुछ घंटे बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते लोगों की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत मरीजों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों में महिलाओं की संख्या ज्यादा है, जबकि तीन बच्चे भी बीमार हुए हैं।

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

मरीजों की हालत खराब होने पर उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है। कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ के अस्पताल भी भेजा गया है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक समय रहते इलाज मिलने से मरीजों की स्थिति अब पहले से बेहतर बताई जा रही है।

फूड पॉयजनिंग की आशंका

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सभी लोगों ने एक ही ठेले से गुपचुप खाया था। इसके बाद फूड पॉयजनिंग की आशंका जताई जा रही है। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि मरीजों में फूड पॉयजनिंग जैसे लक्षण पाए गए हैं और फिलहाल सभी की हालत स्थिर है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि गुपचुप और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे जा सकते हैं।

गांव में फैली दहशत

एक साथ इतने लोगों की तबीयत खराब होने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोग अब सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों को लेकर चिंता जताने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई जगहों पर बिना साफ-सफाई और जांच के खुलेआम खाद्य सामग्री बेची जा रही है, जिससे लोगों की सेहत खतरे में पड़ रही है।

खुले खाने-पीने की चीजों को लेकर बढ़ी चिंता

गर्मी के मौसम में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ जल्दी खराब हो जाते हैं। ऐसे में दूषित पानी, बासी सामग्री या गंदगी के कारण फूड पॉयजनिंग का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि सड़क किनारे मिलने वाले खाद्य पदार्थ खाते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि गर्मियों में दूषित पानी और अस्वच्छ खानपान के कारण फूड पॉयजनिंग और पेट संबंधी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। ऐसे में बाहर का खाना खाते समय साफ-सफाई जरूर जांचें और बासी या खुले खाद्य पदार्थ खाने से बचें।

बच्चों को सड़क किनारे मिलने वाले अस्वच्छ खाद्य पदार्थ न खिलाने की भी सलाह दी गई है। यदि किसी को उल्टी, दस्त या पेट दर्द जैसी समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में लोग एक साथ कैसे बीमार हुए।

बड़ी खबरें

View All

बलोदा बाज़ार

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग