
ब्लास्टिंग में उछले पत्थर से युवक का जबड़ा टूटा (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Cement Plant Blasting Accident: बलौदाबाजार जिले के समीप ग्राम रवान स्थित सीमेंट संयंत्र में शनिवार को हुए एक गंभीर हादसे ने सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खदान में ब्लास्टिंग के दौरान लापरवाही के चलते उछलकर आया एक बड़ा पत्थर पेट्रोल पंप पर खड़े युवक के चेहरे पर जा लगा और उसका चेहरा चीरते हुए जबड़ा भी टूट गया।
घायल युवक की पहचान चुकुराम गायकवाड़, निवासी मुंगियाडीह के रूप में हुई है, जो पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवा रहा था। हादसे के बाद इलाके में दहशत फैल गई और घायल युवक को तत्काल बलौदा बाजार पुलिस स्टेशन के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर्स की टीम उसकी स्थिति पर निगरानी रख रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ साल पहले ब्लास्टिंग के दौरान सायरन बजाकर लोगों को सचेत किया जाता था और खदान के आसपास आवाजाही को रोक दिया जाता था, लेकिन अब इन सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया जा रहा है। यह लापरवाही आम नागरिकों की जान जोखिम में डाल रही है। इससे पहले भी ब्लास्टिंग के दौरान उछले पत्थरों से लोग चोटिल हो चुके हैं।
जिले में सेफ्टी ड्रिल के आयोजन के बावजूद यह हादसा घटित हुआ, जिससे प्रशासन के दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं। कलेक्टर के आदेश पर सुरक्षा उपकरणों का उपयोग और सुरक्षित कार्यपद्धति पर जोर दिया गया था, लेकिन यह दुर्घटना दिखाती है कि इन आयोजनों का वास्तविक असर नहीं हो रहा।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और स्थानीय लोग जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब शुक्रवार को ही कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी सीमेंट प्लांट्स और बड़े उद्योगों में सेफ्टी ड्रिल का आयोजन किया गया था। हालांकि, इस घटना ने इस तरह के आयोजनों पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है, क्योंकि महज दूसरे ही दिन सीमेंट प्लांट में सुरक्षा नियमों की अनदेखी से एक गंभीर दुर्घटना हो गई।
Published on:
03 May 2026 04:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबलोदा बाज़ार
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
